सीतापुर में शिक्षकों ने 12 मांगों को लेकर किया प्रदर्शन:बीएसए कार्यालय से डीएम दफ्तर तक पैदल मार्च निकाला, मांगपत्र सौंपकर दी चेतावनी

Nov 18, 2026 - 15:59
0
सीतापुर में शिक्षकों ने 12 मांगों को लेकर किया प्रदर्शन:बीएसए कार्यालय से डीएम दफ्तर तक पैदल मार्च निकाला, मांगपत्र सौंपकर दी चेतावनी
सीतापुर में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जिले के सैकड़ों शिक्षकों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कार्यालय परिसर से पैदल मार्च निकालकर डीएम कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र डीएम को सौंपा। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, अंतरजनपदीय स्थानांतरण और टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने समेत कई मांगें उठाईं। शिक्षकों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों और उनके आश्रितों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू की है, जिसका वे स्वागत करते हैं। हालांकि, इसके अलावा शिक्षकों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इनमें एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए नई पेंशन व्यवस्था समाप्त कर पुरानी पेंशन लागू करने की मांग प्रमुख है। साथ ही एक अप्रैल 2005 से पहले चयनित, लेकिन बाद में नियुक्त हुए शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग की गई। शिक्षकों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद टीईटी अनिवार्यता के मुद्दे पर भी विरोध जताया। उन्होंने सरकार से अध्यादेश लाकर इस व्यवस्था को वापस लेने और ब्रिज कोर्स की परीक्षा में न्यूनतम अंकों की बाध्यता समाप्त करने की मांग की। इसके अलावा लंबित अंतरजनपदीय स्थानांतरण सूची जारी करने, 12 साल की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान देने और मृतक शिक्षकों के बीएड व टीईटी योग्यताधारी आश्रितों को नियुक्ति देने की मांग उठाई। शिक्षकों ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सफाईकर्मी या चौकीदार की नियुक्ति, शीतकालीन अवकाश में स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने तथा द्वितीय शनिवार और उपार्जित अवकाश की सुविधा देने की मांग भी शामिल रही। जिलाध्यक्ष रविंद्र कुमार दीक्षित ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल सीतापुर में नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित किया गया है। यदि सरकार मांगों पर विचार नहीं करती है तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User