सीतापुर में सपा के खिलाफ विवादित पोस्टर वार:लिखा- ‘दंगा, इफ्तार और बिरयानी सपा राज की असल कहानी’, सपाइयों ने उतारकर जलाए
सीतापुर में समाजवादी पार्टी के खिलाफ एक बार फिर पोस्टर वार शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह शहर के बाहर नेशनल हाईवे-30 के किनारे बड़े-बड़े पोल और होर्डिंग पर सपा विरोधी पोस्टर लगाए गए। इनमें लिखे नारों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। सपा नेताओं ने विरोध जताते हुए पोस्टर उतारे और उन्हें जला दिया। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब जिले में लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान चल रहा है। हालांकि, पोस्टर किसने लगवाए, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्टरों पर लिखे नारों से सियासी विवाद हाईवे किनारे लगाए गए पोस्टरों पर समाजवादी पार्टी को निशाना बनाते हुए कई नारे लिखे गए थे। इनमें ‘सपाइयों का क्या भरोसा’, ‘दंगा, इफ्तार और बिरयानी सपा राज की असल कहानी’, ‘रसगुल्ला और मलाई, एक जाति की सत्ता आई’ और ‘दाल, चावल और अचार, पार्टी मतलब एक परिवार’ जैसे स्लोगन शामिल थे। पोस्टर सामने आने के बाद सपा नेताओं ने नाराजगी जताई। उन्होंने पोस्टरों को हटाकर जला दिया। घटना के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। अनूप गुप्ता बोले- ओछी राजनीति की जा रही पूर्व सपा विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने पोस्टरबाजी को ओछी राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव के बीच दोबारा पोस्टर वार शुरू कर दिया गया है। व्यक्तिगत जीवन पर कीचड़ उछालना राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की राजनीति की जाएगी, तो विपक्ष भी जवाब देगा। भाजपा पर लगाए संरक्षण देने के आरोप अनूप गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 साल से समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं है, लेकिन इसके बावजूद दबंगई और माफियागिरी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि कुछ लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि दूसरों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का दावा किया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में सब कुछ ठीक होने और रामराज्य आने की बात कही जा रही है, तो अपराध और बच्चियों के साथ होने वाली घटनाओं पर भी जवाब देना चाहिए। फिलहाल हाईवे किनारे पोस्टर लगाने वालों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में पोस्टर किसने और किसके कहने पर लगवाए, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)