पिकअप का टायर बदल रहे चालक को कैंटर ने रौंदा:अमरोहा में एक किमी तक घसीट कर ले गया, मछली लेने दिल्ला जा रहा था

Oct 23, 2026 - 11:11
0
पिकअप का टायर बदल रहे चालक को कैंटर ने रौंदा:अमरोहा में एक किमी तक घसीट कर ले गया, मछली लेने दिल्ला जा रहा था
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे दर्दनाक हादसे में पिकअप वाहन का टायर बदल रहे चालक की मौत हो गई। पीछे से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित कैंटर ने चालक को टक्कर मार दी। इसके बाद कैंटर चालक उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद आरोपी चालक कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हसनपुर नगर के मोहल्ला कुरैशियान निवासी अनस पुत्र असगर 25 वर्ष शुक्रवार तड़के करीब चार बजे गंगा एक्सप्रेसवे से छोटा हाथी वाहन लेकर मछली व्यापारियों के साथ दिल्ली के गाजीपुर से मछली लेने जा रहा था। गांव पिपलौती के समीप पहुंचने पर वाहन के टायर में पंचर हो गया। अनस सड़क किनारे वाहन का टायर बदलने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित कैंटर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कैंटर अनस को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। अनस की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव लेकर हसनपुर कोतवाली पहुंच गए, जहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि अनस मिलनसार और खुशमिजाज स्वभाव का युवक था। मृतक अविवाहित था और पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां मैसर जहां समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस कैंटर को कब्जे में लेकर फरार कैंटर चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हसनपुर कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सरोहा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User