प्रतापगढ़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत:सरसी खाम रोड पर हुआ हादसा, बेटे की शिकायत पर FIR दर्ज
प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र के सरसी खाम गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 68 वर्षीया बुजुर्ग महिला की जान चली गई। पैदल जा रही वृद्धा को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौका पाकर आरोपी चालक अपने वाहन समेत फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, सरसी खाम गांव निवासी चमेला देवी (68) सरसी खाम-कंधई मार्ग पर पैदल कहीं जा रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। कोहंडौर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोहंडौर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह चमेला देवी की मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के संबंध में गुरुवार देर शाम मृतका के बेटे अशोक कुमार ने कंधई थाने में अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कंधई थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि पीड़िता के बेटे की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)