महराजगंज में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए वोटिंग शुरू:11 केंद्रों पर 3605 शिक्षक शाम 4 बजे तक डालेंगे वोट, मतपेटियां गोरखपुर जाएंगी
महराजगंज। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को जिले में मतदान शुरू हो गया। सुबह आठ बजे से जिले के 11 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। शाम चार बजे तक चलने वाली मतदान प्रक्रिया में कुल 3605 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधान परिषद में अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां की हैं। इससे पहले गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार से सभी 11 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया था। मतदान कर्मी अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर तैयारियां पूरी कर चुके थे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी के साथ तीन मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं। मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। जिले में धानी ब्लाक को छोड़कर अन्य सभी ब्लाक कार्यालयों को मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया पर प्रशासन की नजर रहेगी, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। मतदान के बाद गोरखपुर भेजी जाएंगी मतपेटियां अपर जिलाधिकारी डा. प्रशांत कुमार के अनुसार, मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रांग रूम में लाया जाएगा। यहां मतपेटियों को एकत्र करने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोरखपुर विश्वविद्यालय स्थित मुख्य स्ट्रांग रूम भेजा जाएगा। चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को गोरखपुर में होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)