शिक्षक एमएलसी चुनाव में चतुष्कोणीय लड़ाई के आसार:भाजपा, सपा के साथ दो निर्दल प्रत्याशियों के नाम चर्चा में

Oct 23, 2026 - 10:56
0
शिक्षक एमएलसी चुनाव में चतुष्कोणीय लड़ाई के आसार:भाजपा, सपा के साथ दो निर्दल प्रत्याशियों के नाम चर्चा में
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में यूं तो 16 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं लेकिन मुख्य लड़ाई चतुष्कोणीय है। यानी 4 प्रत्याशियों के नाम की चर्चा है। लड़ाई उनके बीच हो रही है। इनमें वर्तमान एमएलसी व भाजपा के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी, सपा के प्रत्याशी डा. संजयन त्रिपाठी, पिछले चुनाव में रनर रहे अजय सिंह एवं तीसरा स्थान पाने वाले राजीव यादव शामिल हैं। अन्य प्रत्याशी भी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं लेकिन आम चर्चा इन्हीं 4 प्रत्याशियों के इर्द-गिर्द है। ध्रुव कुमार त्रिपाठी के पीछे भाजपा का पूरा संगठन लगा है और उनके शिक्षक संगठन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) का भी उन्हें समर्थन है। लेकिन उनके सामने उन्हीं के पार्टी के स्नातक क्षेत्र के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के विरोध की चुनौती भी है। हालांकि अंबेडकरनगर में ध्रुव त्रिपाठी ने कहा था कि 2008 से ही वह देवेंद्र सिंह के विरोध के आदती हैं। भाजपा से बागी होकर सपा में आए डा. संजयन त्रिपाठी डिग्री कॉलेज में शिक्षक हैं। इस नाते उच्च शिक्षा के शिक्षकों से उन्हें उम्मीद है। इसके साथ ही वह सीबीएसई स्कूलों का संचालन भी करते हैं। ऐसे में उन्हें सीबीएसई एवं सीआईएससीई स्कूलों के शिक्षकों का समर्थन मिलने का भरोसा है। साथ ही पहली बार इस चुनाव में सपा प्रमुख से लेकर पूरा सपा संगठन भी उनके साथ लगा है। इस निर्वाचन क्षेत्र में 8 सांसद व कई विधायक सपा के ही हैं। इसके साथ ही स्नातक क्षेत्र के भाजपा एमएलसी का भी परोक्ष सपोर्ट डा. संजयन के साथ है। कई स्थानों पर देवेंद्र सिंह सपा नेताओं के साथ स्कूलों में देखे गए हैं। हालांकि उन्हें कहीं किसी के समर्थन को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दिया है लेकिन यह स्पष्ट है कि वह भाजपा प्रत्याशी के विरोध में हैं। पिछले चुनाव में दूसरा स्थान पाने वाले अजय सिंह की ताकत वित्तविहीन शिक्षक हैं। वह पिछले 6 सालों में किए गए आंदोलनों की याद दिला रहे हैं। पिछले चुनाव में वह लगभग 2 हजार वोटों से हारे थे इसलिए इस चुनाव में उन्हें सहानुभूति की भी उम्मीद है। आजमगढ़ के रहने वाले अजय सिंह इस बार अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। शिक्षकों के बीच भी उनके लड़ाई में होने की चर्चा है। यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा के मंच में हुए एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के कथित अपमान के बाद क्षत्रिय मतदाता उनके साथ जुड़े हैं। राजीव यादव उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रत्याशी हैं। यह, वह संगठन है जो कई संगठनों को जोड़कर पुरानी पेंशल बहाली की लड़ाई लड़ता है। पिछले चुनाव में राजीव को लगभग 4500 से अधिक वोट मिले थे। इस बार वह काफी चर्चा में हैं। एडेड स्कूलों में भी उन्हें समर्थन मिल रहा है, जो भाजपा प्रत्याशी का परेशानी बढ़ाने वाला है। इसके साथ ही सपा के लिए भी वह चुनौती खड़ी कर रहे हैं। जानिए चुनाव लड़ने वाले 16 प्रत्याशी कौन हैं 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन्हीं के बीच मुकाबला होगा। इनमें भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी, सपा के डा. संजयन त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के अजय सिंह, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) के डा. राकेश सिंह, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डा. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी और राम प्रताप राम मैदान में हैं। आजमगढ़ में सर्वाधिक मतदाता गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले 17 जिलों में कुल 54,910 वोटर में सबसे अधिक वोटर आजमगढ़ में 8592 और गोरखपुर में 7289 हैं। इसी तरह बहराइच में 1636, गोंडा में 2805, बस्ती में 2045, सिद्धार्थनगर में 2787, महराजगंज में 3572, देवरिया में 4278, मऊ में 5131, सुल्तानपुर में 2679, अमेठी में 1099, अयोध्या में 3084, कुशीनगर में 3496, आंबेडकरनगर में 2891, श्रावस्ती में 1004, बलरामपुर में 982 और संतकबीरनगर में 1540 वोटर हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User