जलशक्ति मंत्री ने दाऊजी महाराज के दर्शन किए:बोले- ब्रज का विकास सरकार की प्राथमिकता- लोगों ने बिजली-बस की समस्या बताई

Oct 23, 2026 - 10:56
0
जलशक्ति मंत्री ने दाऊजी महाराज के दर्शन किए:बोले- ब्रज का विकास सरकार की प्राथमिकता- लोगों ने बिजली-बस की समस्या बताई
मथुरा में प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बलदेव स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर के गर्भगृह में शुक्रवार को पूजा-अर्चना कर भगवान के दर्शन किए। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि भगवान के दरबार में पहुंचकर मन को सुकून और शांति मिलती है। यहां दर्शन कर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और सरकार इसके लिए सदैव तत्पर है। मंत्री के बलदेव पहुंचने पर भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। भाजपा नेता एवं विधानसभा संयोजक मेरुकांत पांडेय, बलदेव विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय और मंदिर के सेवायत चंद्रप्रकाश पांडेय ने क्षेत्र में रोडवेज बसों की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने मथुरा-सादाबाद मार्ग पर कम से कम छह रोडवेज बसें चलवाने की मांग की, ताकि बलदेव सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोडवेज बसों की कमी के कारण श्रद्धालुओं और यात्रियों को मजबूरी में डग्गेमार वाहनों से सफर करना पड़ता है। इससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। बलदेव के धार्मिक और तीर्थस्थल के महत्व को देखते हुए परिवहन सुविधाओं का विस्तार कराने की आवश्यकता जताई गई। लोगों ने कहा कि बेहतर यातायात व्यवस्था से श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा बलदेव क्षेत्र में बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या भी मंत्री के सामने रखी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने विद्युत व्यवस्था में सुधार कराने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान एक्सईएन मांट ब्रांच गंगनहर यूके सोनकर, प्रबंधक केपी सिंह तोमर, गोविंद त्रिपाठी, सीपी पांडेय, देवेंद्र पांडेय, मुकेश पांडेय और प्रशांत पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User