संभल में आधी रात कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग:डेढ़ किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें, एक घंटे बाद दमकल को दी सूचना

Oct 23, 2026 - 09:51
0
संभल में आधी रात कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग:डेढ़ किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें, एक घंटे बाद दमकल को दी सूचना
संभल में आबादी के बीच कबाड़ और रद्दी के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग को आग लगने की सूचना एक घंटे बाद गुरुवार की देर रात करीब 1ः15 बजे दी गई। इके बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। इससे पहले 1 घंटे तक लोग अपने निजी संसाधनों से ही आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे, लेकिन हालात बिगड़ने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पूरा घटनाक्रम संभल के जिला मुख्यालय बहजोई से 20 किलोमीटर दूर चंदौसी कोतवाली कस्बा क्षेत्र के जारई गेट माल गोदाम रोड का है। यहां आकिल कुरैशी उर्फ राजा कुरैशी का कबाड़ और रद्दी का गोदाम है। पिछले 8 साल से वह यह गोदाम चला रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक 6 महीने पहले भी इसी गोदाम के बगल में स्थित 1 गोदाम में आग लग चुकी है। आकिल के गोदाम में आग लगने पर मोहल्ले के लोग जमा हो गए। पहले खुद ही बाल्टी से पानी और सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। सफलता नहीं मिलने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने 1 में 2 गाड़ियों के साथ आग पर काबू पाया। भोर में तकरीबन 4 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची चंदौसी पुलिस ने आबादी के बीच भीषण आग लगने से कोई घटना न हो इसको देखते हुए लोगों को पीछे रोक दिया। गोदाम मालिक आकिल के अनुसार आधा से ज्यादा गोदाम में रखा माल जल गया है और उसे तकरीबन 10 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। भीषण आग की लपटें चंदौसी शहर में डेढ़ किलोमीटर दूर से दिखाई दी। जैसे-जैसे आग ने विकराल रूप लिया तो मोहल्ले के अलावा आसपास के इलाकों में भी हड़कंप मच गया। आधी रात को ही लोग जाग गए और घरों के बाहर निकल आए। थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर थाने की पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंची थी। घटना कैसे हुई है इसकी जांच की जा रही है, गोदाम मालिक की ओर से अभी कोई शिकायत भी नहीं दी गई है। रात का समय था तो प्रथम दृष्टयता आग पर कंट्रोल किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User