संभल में अर्टिगा की टक्कर से जीजा-साले की मौत:1 घंटे बाद झाड़ियों में मिला साला, नवदुर्गा जागरण से लौटते समय हादसा
संभल में शुक्रवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर बैठा एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर किया गया है। हादसा आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बनियाठेर थाना क्षेत्र में टी-पॉइंट के पास हुआ। तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद साला करीब एक घंटे तक लापता रहा। पुलिस ने तलाश की तो वह सड़क किनारे झाड़ियों में घायल अवस्था में मिला। अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई। जागरण में शामिल होने आए थे साला और रिश्तेदार मृतकों की पहचान धर्मेंद्र (32) पुत्र चरण सिंह निवासी अफजलपुर डरौली, थाना बनियाठेर और उनके साले सुमित (18) पुत्र मुकेश निवासी गुजरेला, थाना शाहबाद, रामपुर के रूप में हुई है। हादसे में सोनू (19) पुत्र सत्यभान निवासी नेवली, थाना उघैती, बदायूं गंभीर रूप से घायल हुआ है। धर्मेंद्र के घर गुरुवार रात नवदुर्गा महोत्सव के चलते जागरण हुआ था। इसमें सुमित और सोनू समेत कई रिश्तेदार शामिल होने आए थे। शुक्रवार को घर पर खाने का कार्यक्रम था। धर्मेंद्र दोनों को बाइक से छोड़ने चंदौसी जा रहे थे। रात करीब 8:40 बजे बहजोई की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। एक घंटे की तलाश के बाद झाड़ियों में मिला साला हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस धर्मेंद्र और सोनू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी ले गई। डॉक्टरों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। इसी दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनके साथ एक युवक और था। इसके बाद पुलिस ने दोबारा घटनास्थल पर तलाशी शुरू की। करीब एक घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद रात 9:50 बजे सुमित सड़क किनारे झाड़ियों में घायल अवस्था में मिला। उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अर्टिगा कार कब्जे में, चालक फरार थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा ने बताया कि हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीसरा युवक घायल है। उसे इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया है। अर्टिगा कार को कब्जे में ले लिया गया है। उसका चालक फरार है। पुलिस शवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है। घटना की सूचना पर चंदौसी इंस्पेक्टर संत कुमार भी मौके पर पहुंचे। हाईवे से नीचे खंदी में गिरी अर्टिगा कार को हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। धर्मेंद्र अपने पीछे पत्नी प्रीति और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)