संभल में सीजन का सबसे कम 17 डिग्री पारा,:AQI रेड जोन में 508 पहुंचा, सांस लेने में दिक्कत, अस्पतालों में मरीज बढ़े
संभल में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम है। पिछले 4 दिन से AQI रेड जोन में है। रविवार को यह 508 पहुंच गया। लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। सुबह 8 बजे जिले का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी है। दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अक्टूबर के आखिरी दिनों में हुई बारिश के बाद दीपावली और गंगा स्नान से पहले मौसम बदल गया। सरकारी और निजी अस्पतालों में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी और बहजोई में रोजाना ओपीडी में 800 मरीज आ रहे हैं। जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल में ओपीडी के मरीजों की संख्या 1,000 से ज्यादा है। रोजाना 8,000 ब्लड जांच हो रही हैं। संभल और चंदौसी शहर में 4 दिन बाद रविवार को कोहरा नहीं रहा, जबकि ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। गंगा किनारे की तहसील गुन्नौर के हाईवे पर कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। वहां दृश्यता 300 से 400 मीटर दर्ज की गई। सभासद शौकीन ने बताया कि सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। दिन में धूप निकलने के बाद भी मौसम ठंडा रहता है। दुकानदार नरेश ने कहा कि आमतौर पर ऐसा मौसम गंगा स्नान के बाद आता है, लेकिन इस बार 20 दिन पहले ही मौसम बदल गया। चंदौसी जंक्शन पर कई ट्रेनें तय समय से कुछ आगे-पीछे पहुंचीं। इस साल संभल जिले में सामान्य से 102% ज्यादा बारिश हुई है। 1 जून से 31 अक्टूबर तक 1,330.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में 696.4 मिलीमीटर बारिश होनी थी। मौसम विभाग ने अधिक ठंड पड़ने का अनुमान जताया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)