आगरा में एक साथ उठीं चार दोस्तों की अर्थियां:मां शव देख बेसुध हुई, बहन लिपटकर रोई, दौसा में मौत हुई थी
खाटू श्याम गए आगरा के चार दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह उनकी स्विफ्ट कार का टायर फट गया। टायर फटते ही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही चार दोस्तों ने दम तोड़ दिया, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी छह लोग आगरा के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। देर रात जब चारों के शव घर पहुंचे तो मोहल्ले में कोहराम मच गया।घर के बाहर भीड़ जमा थी, जैसे ही शव पहुंचे चीख-पुकार गूंज उठी। बेटे के शव को देखते ही मां बेसुध होकर गिर पड़ी, बहन भाई के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोती रही। पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। शनिवार सुबह करीब 9 बजे चारों दोस्तों का संस्कार किया गया। नम आंखों से लोगों ने उन्हें विदा किया। चारों घरों में अब सन्नाटा और गमगीन माहौल है। पूरा मामला पढ़े… आगरा के 6 श्रद्धालुओं की स्विफ्ट डिजायर हादसे का शिकार हो गई। राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर कार का टायर फटने से गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार की मौके पर ही मौत हो गई, दो जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। सुबह 6 बजे टायर फटा और सब खत्म हो गया
आगरा के रहने वाले छह श्रद्धालु अपनी स्विफ्ट डिजायर से खाटू श्याम गए थे। बताया जा रहा है कि उनका भजन संध्या का एक यूट्यूब चैनल है, जिसका लाइव करने के लिए वे धाम पहुंचे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रायसर क्षेत्र में हाईवे पर अचानक कार का टायर फट गया। ड्राइविंग कर रहे राहुल ने संभालने की बहुत कोशिश की, लेकिन गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े, पुलिस को सूचना दी और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घर में नहीं पहुंची मौत की खबर, मां पूछ रही- बेटा कहां है
हादसे ने चार घरों के चिराग बुझा दिए। मृतकों में अतुल वार्ष्णेय, मुकुल समेत चार हैं। मुकुल की मौत की खबर अभी तक उसकी मां को नहीं दी गई है। मां बार-बार बेटे के बारे में पूछ रही है, पर किसी की हिम्मत नहीं हो रही कि सच बताए। मुकुल दो भाइयों में बड़ा था, छोटा भाई फोटोग्राफी का काम करता है। वहीं, अतुल वार्ष्णेय घर का इकलौता कमाने वाला था। 2016 में उसकी शादी हुई थी। पत्नी सिम्मी और तीन मासूम बच्चों का अब सहारा छिन गया। तीन बच्चों की परवरिश वही करता था। पोस्टमार्टम के बाद चारों के शव आगरा लाए जा रहे हैं, दो घंटे में पार्थिव शरीर घर पहुंचेंगे। शनिवार सुबह अंतिम संस्कार होगा। अब जानिए कैसे हुआ हादसा करीब एक घंटे तक जाम जैसे हालात
पुलिस के मुताबिक, आगरा के रामबाग के रहने वाले अतुल, नुनिहाई के राहुल, बलकेश्वर के अर्पित और कालिंदी विहार के मुकुल, रूपेश व शिवा खाटू श्याम आए थे। वापस लौटते समय हादसा हो गया। हादसे के बाद मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। एक घंटे तक ट्रैफिक स्लो रहा। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने के बाद पुलिस ने ट्रैफिक क्लियर करवाया। क्रेन की मदद से कार हटवाई। एकादशी पर दोस्त और स्टाफ के साथ लाइव करने गए थे खाटू श्याम
अतुल के छोटे भाई रोहित वार्ष्णेय ने बताया- सुबह 7 बजे पुलिस से हादसे के बारे में सूचना मिली। अतुल भैया 21 अक्टूबर को आगरा से दोस्तों और स्टाफ के साथ खाटू श्याम गए थे। वहां पर उन्हें 22 अक्टूबर यानी एकादशी पर भजन-कीर्तन को यूट्यूब पर लाइव करना था। लाइव कवरेज के बाद वहां से निकले थे। कार अतुल के नाम पर ही थी। कार उनका दोस्त राहुल शर्मा चला रहा था। अतुल की 2016 में सिम्मी वार्ष्णेय से शादी हुई थी। दोनों के 3 बेटियां हैं। रूद्रांशी (9), ख्याति (5) और तृषा (3 महीने)। अतुल के पिता वीरेंद्र घर के नीचे परचून की दुकान चलाते हैं। जबकि परिवार पहली मंजिल पर रहता है। अतुल शादियों में फोटोग्राफी के साथ यूट्यूब लाइव भी चलाते थे। WH स्टूडियो के नाम से चलाते थे
अतुल के भाई रोहित ने बताया- भैया WH स्टूडियो के नाम से यूट्यूब चैनल चलाते थे। चैनल पर 164k सब्सक्राइबर हैं। वहीं चैनल पर 786 वीडियो अपलोड किए गए हैं। ओवरस्पीडिंग के कारण राजस्थान में बढ़ रहे एक्सीडेंट ट्रांसपोर्ट और पुलिस डिपार्टमेंट के अलग-अलग डेटा के अनुसार, राजस्थान देशभर में सड़क हादसों में छठे स्थान पर बना हुआ है। राज्य में 2025 में हुए कुल 23,820 हादसों में से 15,647 दुर्घटनाएं तेज गति के कारण हुईं। इनमें करीब 7,600 लोगों की जान गई। 2025 में हादसे कम हुए, लेकिन मौतें ज्यादा हुई हैं। प्रदेश में 2024 के मुकाबले 2025 में 1,018 दुर्घटनाएं कम हुईं, लेकिन इसके बावजूद 307 अधिक लोगों की मौत हो गई। कुल दुर्घटनाओं में से करीब 63 फीसदी हादसे ओवर-स्पीडिंग के कारण हो रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)