सरकार लिखी कार ने ठेल और बाइक को टक्कर मारी:मथुरा में डिवाइडर से टकराने के बाद बाउंड्रीवॉल से भिड़ी; कोई जनहानि नहीं
मथुरा शहर थाना कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा नगर चौकी अंतर्गत रविवार रात करीब नौ बजे विपिन नर्सिंग होम के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी चाऊमीन की ठेल और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। कार पर ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखा हुआ था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की टक्कर से हुए नुकसान और घटनास्थल की स्थिति दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सबसे पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी चाऊमीन की ठेल में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि ठेल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद कार ने पास में खड़ी मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया और आगे जाकर बाउंड्रीवॉल से टकरा गई। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ठेल के आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, ठेल और मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में कार चालक को भी मामूली चोट आई थी। उसे उपचार के लिए पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। कार पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों के बीच वाहन को लेकर भी चर्चा होती रही। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी स्थानीय व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। सूचना मिलने पर कृष्णा नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चौकी प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। कार किसकी है और हादसे के समय उसे कौन चला रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)