जनवरी 2027 में शुरू हो सकता है सिक्स लेन ब्रिज:डिप्टी CM बोले- 25 दिसंबर तक काम पूरा करने की दी डेडलाइन

Nov 02, 2026 - 11:25
0
जनवरी 2027 में शुरू हो सकता है सिक्स लेन ब्रिज:डिप्टी CM बोले- 25 दिसंबर तक काम पूरा करने की दी डेडलाइन
शहर को जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बन रहे सिक्सलेन ब्रिज का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत कर 25 दिसंबर तक दोनों लेन का काम पूरा करने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी रूप से संभव हुआ तो 25 दिसंबर से पहले ही निर्माण पूरा कराने का प्रयास किया जाए, ताकि 2027 की शुरुआत में पुल को आम लोगों के लिए शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि पुल का निर्माण देश में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और कंपनी के प्रतिनिधियों से प्रगति की जानकारी ली गई। 25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है। इसी तारीख तक दोनों लेन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, यह तकनीकी काम है, इसलिए निर्माण पूरा होने की वास्तविक स्थिति को देखते हुए आगे निर्णय लिया जाएगा। माघ मेले में श्रद्धालुओं को मिलेगी जाम से राहत माघ मेले में इस पुल के उपयोग को लेकर उन्होंने कहा कि कोशिश है कि श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि बचपन से देखते आए हैं कि फाफामऊ का पुल और आसपास का रास्ता अक्सर जाम रहता था। बाद में पीपा पुल बनवाने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई। सिक्सलेन ब्रिज तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को माघ मेले और कुंभ मेले के दौरान आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। यह पुल प्रयागराज के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा। रिंग रोड के बाकी चरणों का काम भी जल्द पूरा होगा रिंग रोड परियोजना को लेकर उन्होंने बताया कि इसका पहला चरण पूरा हो चुका है और दूसरे चरण का काम आगे बढ़ रहा है। तीसरे और चौथे चरण के निर्माण को भी जल्द शुरू कर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रिंग रोड के भीतर और बाहर नया प्रयागराज विकसित होगा। सिक्सलेन ब्रिज बनने से शहर को एक अलग पहचान मिलेगी और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। प्रयागराज में बनेगा रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने प्रयागराज में रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट (घूमने वाला रेस्टोरेंट) बनाने की जरूरत भी बताई। कहा कि बड़े शहरों में इस तरह के रेस्टोरेंट हैं, लेकिन प्रयागराज में अभी ऐसी सुविधा नहीं है। शहर के लोग भी चाहते हैं कि परिवार के साथ घूमने और खाने-पीने के लिए ऐसी जगह हो। इसके लिए सरकारी स्तर पर निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा। यदि ऐसा संभव नहीं हुआ तो निजी क्षेत्र को भी आमंत्रित किया जाएगा। 9.9 किमी लंबा, 1947 करोड़ से निर्माण प्रयागराज में गंगा नदी पर बन रहा फाफामऊ सिक्सलेन ब्रिज शहर के बुनियादी ढांचे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। करीब 9.9 किलोमीटर लंबा यह पुल स्टेनली रोड को गंगापार के मलाक हरहर से जोड़ेगा। इसके निर्माण पर लगभग 1,947 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। छह लेन वाले इस पुल के शुरू होने से फाफामऊ, तेलियरगंज और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, रायबरेली और लखनऊ की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। यह पुल प्रयागराज के शहरी विस्तार और गंगापार क्षेत्र के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User