अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में शीतकालीन सफारी सत्र का भव्य आगाज:कमिश्नर संगीता सिंह ने दिखाई हरी झंडी; फोटोग्राफी भी की
मुरादाबाद मंडल में आने वाले बिजनौर जिले के अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के शीतकालीन सत्र 2026-27 का 1 नवंबर से भव्य शुभारंभ हो गया है। मुरादाबाद मंडल की कमिश्नर संगीता सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर और सफारी जिप्सी को हरी झंडी दिखाकर इस नए सत्र का विधिवत उद्घाटन किया। केहरीपुर रेंज कार्यालय पर आयोजित इस उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक (एसपी), वन संरक्षक मुरादाबाद, डीएफओ जय सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय वनाधिकारी अंकिता किशोर, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर ए.आर. रहमान और बाघ मित्र अजमेर सिंह सहित वन विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पर्यटकों की मांग पर 15 दिन पहले खुला रिजर्व
डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने बताया कि आमतौर पर अमानगढ़ में सफारी सत्र 15 नवंबर से शुरू होता था, लेकिन इस बार पर्यटकों की भारी मांग और उत्साह को देखते हुए इसे 15 दिन पहले यानी 1 नवंबर से ही खोलने का निर्णय लिया गया है। यह सफारी सत्र जून 2027 तक निरंतर जारी रहेगा। सफारी से जुड़ी मुख्य जानकारियां: सफारी रूट: केहरीपुर गेट से झिरना गेट तक करीब 32 किलोमीटर लंबा ट्रैक तय किया जाएगा। समय अवधि: एक बार की सफारी को पूरा करने में लगभग 3 से 3:30 घंटे का समय लगेगा। सफारी टाइमिंग: पर्यटकों के लिए सुबह 6:00 बजे से 9:30 बजे तक और दोपहर बाद 2:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। वाहन व्यवस्था: दोनों पालियों को मिलाकर कुल 8 जिप्सियों का संचालन किया जाएगा। ईको-टूरिज्म और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
उद्घाटन के दौरान कमिश्नर संगीता सिंह ने कहा कि अमानगढ़ टाइगर रिजर्व विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटा हुआ है। वर्तमान में यहाँ बाघ, हाथी, तेंदुए सहित 6,524 से अधिक वन्यजीव मौजूद हैं। सफारी के समय से शुरू होने से क्षेत्र में ईको-टूरिज्म (पारिस्थितिक पर्यटन) को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)