ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर क्रिस लिन पर 1 महीने का बैन:कोकीन लेने के कारण लिया गया एक्शन, BBL खेलने पर रोक नहीं
ऑस्ट्रेलिया के टी-20 बल्लेबाज क्रिस लिन पर कोकीन के सेवन के कारण लगाया गया एक महीने का प्रतिबंध खत्म हो गया है। इंग्लैंड के क्रिकेट रेगुलेटर ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। 36 साल के लिन ने अपना निलंबन और नशे से उबरने का रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पूरा कर लिया है। उन्हें इस साल 18 जुलाई को इंग्लैंड में टी-20 ब्लास्ट के फाइनल्स डे के दौरान हुए एंटी-डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था। लिन उस समय नॉर्थम्पटनशायर स्टीलबैक्स की ओर से खेल रहे थे। जांच में उनके यूरिन सैंपल में कोकीन के मेटाबोलाइट बेंजोयलेकगोनिन की मौजूदगी मिली थी। लिन ने एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली थी। एंटी-डोपिंग टेस्ट में मिला था कोकीन का मेटाबोलाइट 18 जुलाई को टी-20 ब्लास्ट फाइनल्स डे के दौरान लिन का यूरिन सैंपल लिया गया था। फ्रांस की वाडा (WADA) से मान्यता प्राप्त लैब में जांच के दौरान इसमें बेंजोयलेकगोनिन पाया गया। यह कोकीन के सेवन के बाद शरीर में बनने वाला मेटाबोलाइट है। वाडा की 2026 की प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में कोकीन को स्टिमुलेंट और सब्सटेंस ऑफ एब्यूज की कैटेगरी में रखा गया है। क्रिकेट रेगुलेटर के मुताबिक, लिन ने नियमों का उल्लंघन स्वीकार किया था। 3 महीने की सजा घटकर 1 महीना हुई नियमों के तहत इस तरह के उल्लंघन के लिए आमतौर पर 3 महीने के निलंबन का प्रावधान है। हालांकि, जांच एजेंसी और क्रिकेट रेगुलेटर ने माना कि कोकीन का इस्तेमाल प्रतियोगिता के बाहर किया गया था और इसका खेल में प्रदर्शन बेहतर करने से कोई संबंध नहीं था। लिन ने रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पूरा किया। इसके बाद उनके निलंबन की अवधि घटाकर एक महीना कर दी गई। यह अवधि पूरी होने के बाद अब उनके क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध नहीं है। BBL में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेल सकते हैं लिन 36 साल के क्रिस लिन बिग बैश लीग (BBL) के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे आगामी सीजन में मेलबर्न रेनेगेड्स की ओर से खेल सकते हैं। प्रतिबंध पूरा होने के बाद उनके BBL में खेलने पर रोक नहीं होगी। लिन ऑस्ट्रेलिया के लिए 18 टी-20 इंटरनेशनल और 4 वनडे मैच खेल चुके हैं। वे दुनिया भर की टी-20 लीग में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)