माइकल हसी बने ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोचिंग कंसल्टेंट:2027 एशेज-वर्ल्ड कप और 2028 ओलिंपिक की तैयारी कराएंगे; इंग्लैंड का ऑफर ठुकराया

Nov 06, 2026 - 09:22
0
माइकल हसी बने ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोचिंग कंसल्टेंट:2027 एशेज-वर्ल्ड कप और 2028 ओलिंपिक की तैयारी कराएंगे; इंग्लैंड का ऑफर ठुकराया
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हसी को राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का कोचिंग कंसल्टेंट नियुक्त किया गया है। वे 2027 में होने वाली एशेज सीरीज और वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी में टीम की मदद करेंगे। इसके अलावा 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए T20 रणनीति तैयार करने में भी उनकी भूमिका होगी। हसी की नई जिम्मेदारी इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज से शुरू होगी। इसके बाद वे न्यूजीलैंड के खिलाफ पर्थ में होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारियों में भी मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड की मदद करेंगे। हसी इससे पहले भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ शॉर्ट-टर्म बैटिंग कंसल्टेंट के तौर पर काम कर चुके हैं। इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने का ऑफर ठुकराया था इस साल न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उन्होंने अपने पुराने साथी माइकल हसी को कोचिंग स्टाफ में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, हसी ने इंग्लैंड का यह ऑफर स्वीकार नहीं किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ लंबे समय तक कोचिंग कंसल्टेंट के रूप में काम करने का फैसला किया। वे पहले भी पर्थ टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के साथ बैटिंग कंसल्टेंट के तौर पर जुड़ते रहे हैं। IPL और द हंड्रेड में कोचिंग के कारण नहीं दे पा रहे थे पूरा समय माइकल हसी की कमेंट्री और दुनिया भर की टी-20 लीग में कोचिंग की जिम्मेदारियों के कारण वे अब तक ऑस्ट्रेलियाई टीम को ज्यादा समय नहीं दे पा रहे थे। वे IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बैटिंग कोच हैं। इसके अलावा इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग में वेल्श फायर के हेड कोच की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। हसी 2022 में इंग्लैंड की टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के कोचिंग ग्रुप का भी हिस्सा थे। उस समय मैथ्यू मोट इंग्लैंड के हेड कोच थे। हसी बोले- आने वाले चुनौतीपूर्ण समय में योगदान देना चाहता हूं नई जिम्मेदारी मिलने पर माइकल हसी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा, "आने वाले सालों में ज्यादा औपचारिक और अहम भूमिका में ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। इस टीम ने हाल के समय में काफी कुछ हासिल किया है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले रोमांचक और चुनौतीपूर्ण समय में मैं खिलाड़ियों और कोचिंग ग्रुप के लिए योगदान दे सकूंगा।" ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भी हसी की नियुक्ति का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "माइक हमारे कोचिंग स्टाफ के बेहद सम्मानित सदस्य रहे हैं। अलग-अलग फॉर्मेट, लीग और देशों में खिलाड़ी और कोच के रूप में उनका अनुभव टीम के लिए बहुत उपयोगी होगा। एक व्यक्ति और मेंटर के तौर पर भी उनके गुण टीम के काम आएंगे।" 2028 ओलंपिक और टी-20 वर्ल्ड कप पर रहेगा खास फोकस ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के नेशनल टीम्स हेड बेन ओलिवर के मुताबिक, हसी की मुख्य जिम्मेदारी टी-20 फॉर्मेट की तैयारी में मदद करना होगी। अगले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट क्रिकेट शेड्यूल काफी व्यस्त है। ऐसे में हसी टीम मैनेजमेंट, कोच और चयनकर्ताओं के साथ मिलकर टी-20 की रणनीति तैयार करेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड को आराम दिया जाएगा। उनकी जगह असिस्टेंट कोच आंद्रे बोरोवेक टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। हसी भी उनके साथ काम करेंगे। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की युवा टीम उतरेगी। बेन ओलिवर ने कहा कि हसी टीम के साथ काम नहीं करने के दौरान भी 2028 के टी-20 टूर्नामेंट्स की योजना और तैयारी में जुड़े रहेंगे। ऑस्ट्रेलिया की नजर लॉस एंजिलिस ओलंपिक और टी-20 वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन पर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User