राइस मिल में नकली नोट छापते 3 गिरफ्तार:श्रावस्ती में पुलिस और STF ने पकड़ा, 1.74 लाख के नोट, प्रिंटर-छपाई का सामान मिला
श्रावस्ती में जिले में नकली भारतीय मुद्रा छापने वाले गिरोह का पुलिस और एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। थाना सोनवा पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने मल्हीपुर रोड स्थित गिरिराज राइस मिल (भिटिया चौराहा) में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 1 लाख 74 हजार रुपये के नकली भारतीय नोट, एक कैनन कलर प्रिंटर, चार भरे हुए प्रिंटर इंक रिफिल, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले कागज और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 5,500 रुपये नकद भी मिले हैं। पुलिस की ओर से 6 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 5 नवंबर को एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ और थाना सोनवा पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि मल्हीपुर रोड स्थित गिरिराज राइस मिल में कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से जाली भारतीय मुद्रा तैयार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और एसटीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पूरे परिसर की तलाशी ली गई, जिसमें नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण बरामद हुए। 100, 500 और 2000 रुपये के नकली नोट बरामद पुलिस के मुताबिक, बरामद जाली भारतीय मुद्रा में 100 रुपये के 537 नोट, 200 रुपये के 44 नोट और 500 रुपये के 223 नोट शामिल हैं। इन सभी नोटों का कुल अंकित मूल्य 1 लाख 74 हजार रुपये बताया गया है। इसके अतिरिक्त मौके से एक अदद कैनन कलर प्रिंटर मय केबल, चार भरे हुए प्रिंटर इंक रिफिल, 156 अदद ए-4 साइज पेपर पर दोनों तरफ छपे जाली नोटों के प्रिंट, एक जेके एक्सेल सुपर व्हाइट बांड पेपर, पांच पैकेट ब्लेड, तीन अदद कैंची, दो स्टील स्केल और कटर ब्लेड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 5,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और पहचान संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। बरामद सभी सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)