एटा में 3 साल की बच्ची की मौत का मामला:परिजनों ने अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस की चार टीमें गठित
एटा में मलावन थाना के नगला भूपाल गांव में तीन साल की राधिका का शव सोमवार शाम एक घर के पीछे झाड़ियों में मिला। बच्ची शनिवार दोपहर घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। करीब 52 घंटे बाद उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अपहरण कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच और खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं। जानकारी के अनुसार, राधिका शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार शाम करीब 4 बजे गांव में ही एक घर के पीछे झाड़ियों में उसका शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की जांच के लिए मलावन थाना पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम समेत चार टीमें लगाई गई हैं। डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा बच्ची का शव मिलने की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी सोमवार रात घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और जांच की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले का खुलासा करने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। जन्म के समय मां की हो गई थी मौत परिजनों के अनुसार, राधिका जन्म से ही अपने नाना महेश के घर रह रही थी। जन्म के समय ही उसकी मां सोनी की मौत हो गई थी। बच्ची की मौत से परिवार सदमे में है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)