टीकाकरण में लापरवाही, चिकित्सा अधीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि:5 HEO का वेतन रोका, डिप्थीरिया से मौत की होगी जांच

Sep 25, 2026 - 17:13
0
टीकाकरण में लापरवाही, चिकित्सा अधीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि:5 HEO का वेतन रोका, डिप्थीरिया से मौत की होगी जांच
प्रयागराज में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कार्यक्रमों में लापरवाही सामने आई है। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में शून्य विजिट और फर्जी रिपोर्टिंग के मामले मिले। इस पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा अधीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया। डीएम ने 5 ब्लॉकों के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों (HEO) का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, डिप्थीरिया से हुई 2 बच्चों की मौत की विशेष जांच बैठाने का भी आदेश दिया गया है। जिन अफसरों ने 2 दिन में माइक्रो प्लान नहीं दिया, उन पर सीधी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट में टीकाकरण में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। कोरांव, हंडिया, कौड़िहार, करछना, कौंधियारा और मेजा जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में ऐसे बच्चे मिले, जिन्हें एक भी टीका नहीं लगा था। इस गंभीर चूक पर डीएम ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों को तुरंत प्रतिकूल प्रविष्टि देने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। टीकाकरण का माइक्रो प्लान जमा न करने वाले चिकित्सा अधीक्षकों को दो दिन के भीतर प्लान देने की सख्त चेतावनी दी गई है। तय समय पर प्लान न देने पर सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। गृह आधारित नवजात देखभाल (HBNC) योजना में भी लापरवाही मिली है। शंकरगढ़, सैदाबाद, कौंधियारा, जसरा और हंडिया में निर्धारित 8 विजिट के बजाय शून्य विजिट पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। संबंधित स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों (HEO) का वेतन रोकने का आदेश दिया। प्रयागराज शहर और उरुआ ब्लॉक में डिप्थीरिया से दो बच्चों की मौत के मामले में सीएमओ को विशेष जांच टीम बनाने का निर्देश दिया है। इस टीम को टीकाकरण न होने के कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान करनी होगी। साथ ही, 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' भी मांगी गई है। इसके अलावा, बंद पड़े प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों को तुरंत चालू करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में दवा न होने पर मरीजों को जन औषधि केंद्र से ही दवा दिलवाई जाए। बाहर से दवा लिखने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User