नो एंट्री में घुसे तीन खनिज डंपर सीज:सहारनपुर में चार वाहनों के चालान, कुल 1.20 लाख रुपए का जुर्माना
सहारनपुर शहर में नो एंट्री के बावजूद भारी वाहन लेकर घुसने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार तड़के 5 बजे यातायात पुलिस ने शहरी क्षेत्र में अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले खनिज से भरे डंपरों पर कार्रवाई की। इस दौरान तीन डंपरों को सीज कर दिया गया, जबकि चार अन्य वाहनों के चालान किए गए। इन वाहनों पर कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा खतरनाक तरीके से ट्रैक्टर चलाने पर एक चालक के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया गया। एसएसपी के निर्देश और एसपी यातायात के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात अमित तोमर ने यातायात पुलिस टीम के साथ शहर के अलग-अलग मार्गों पर भारी वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान खासतौर पर खनिज सामग्री लेकर शहर में प्रवेश करने वाले डंपरों को निशाने पर लिया गया। जांच में नो एंट्री के नियमों का उल्लंघन करते मिले वाहनों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। दरअसल, शहर के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही से अक्सर जाम की स्थिति बनती है। वहीं, खनिज सामग्री से भरे डंपरों के कारण सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है। ऐसे वाहनों की चपेट में आने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ सकती है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में नो एंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए अभियान शुरू किया है। यातायात पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों और भारी वाहनों के चालकों व मालिकों को साफ चेतावनी दी है कि खनिज से भरे वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे वाहन शहर के अंदर से गुजरने के बजाय बाईपास मार्ग का ही इस्तेमाल करें। नो एंट्री के नियमों को तोड़कर शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी चालान और सीज करने की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद केवल चालान करना नहीं,बल्कि शहर को जाम से राहत दिलाना और सड़क हादसों पर रोक लगाना है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)