ट्रैविस हेड IPL 2027 से बाहर:व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल के कारण लिया फैसला; हैदराबाद के ऑक्शन पर्स में ₹14 करोड़ जुड़ेंगे

Nov 17, 2026 - 12:35
0
ट्रैविस हेड IPL 2027 से बाहर:व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल के कारण लिया फैसला; हैदराबाद के ऑक्शन पर्स में ₹14 करोड़ जुड़ेंगे
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मशहूर ओपनिंग जोड़ी 'ट्रैविशेक' (ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा) साथ खेलती नजर नहीं आएगी। ऑस्ट्रेलिया के ओपनर ट्रैविस हेड ने आगामी सीजन से हटने का फैसला किया है। उन्होंने इसकी जानकारी फ्रेंचाइजी को दे दी है। क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, हेड ने व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल के बीच अपना वर्कलोड कम करने के लिए यह फैसला लिया है। सभी टीमों को रिटेन और रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट सौंपने के लिए 17 नवंबर (मंगलवार) तक का समय दिया गया है। हेड के हटने से हैदराबाद की बल्लेबाजी को नुकसान होगा, लेकिन IPL की मंजूरी के बाद ऑक्शन में उसका पर्स 14 करोड़ रुपए बढ़ जाएगा। IPL 2027 का ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होना है। रिटेंशन नियम से हैदराबाद को अतिरिक्त कटौती नहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने 2025 मेगा ऑक्शन से पहले जिन 5 कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन किया था, उनमें ट्रैविस हेड भी शामिल थे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 14 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। अब उनके रिलीज को IPL की मंजूरी मिलने के बाद यह पूरी रकम SRH के ऑक्शन पर्स में वापस जुड़ जाएगी। नियमों के मुताबिक, 2025 मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किए गए किसी खिलाड़ी को रिलीज या ट्रेड करने पर फ्रेंचाइजी के पर्स में उस समय के रिटेंशन स्लैब के हिसाब से बदलाव होता है। हालांकि, हैदराबाद के मामले में अतिरिक्त कटौती नहीं होगी। मेगा ऑक्शन से पहले 4 कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन करने की कीमत 61 करोड़ रुपए थी। हैदराबाद के बाकी चार रिटेन खिलाड़ियों- हेनरिक क्लासेन (23 करोड़), पैट कमिंस (18 करोड़), अभिषेक शर्मा (14 करोड़) और नीतीश कुमार रेड्डी (6 करोड़)- की कुल सैलरी भी 61 करोड़ रुपए है। एशेज और वनडे वर्ल्ड कप के कारण लिया फैसला हेड का यह फैसला पूरी तरह चौंकाने वाला नहीं है। इसी साल अगस्त में ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने संकेत दिए थे कि 2027 में टीम को कई अहम मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को कुछ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। 2027 में ऑस्ट्रेलिया को 20 टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके अलावा IPL खत्म होने के बाद जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल भी संभावित है। इसके बाद जून से अगस्त तक इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज और अक्टूबर-नवंबर में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। इसी व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल को देखते हुए हेड ने IPL से ब्रेक लेने का फैसला किया है। 6.8 करोड़ में हैदराबाद से जुड़े, टीम को फाइनल तक पहुंचाया 2023 के ऑक्शन में अनसोल्ड रहने वाले ट्रैविस हेड को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2024 के ऑक्शन में 6.8 करोड़ रुपए में खरीदा था। उस समय हेड कोच डेनियल विटोरी ने कहा था कि टीम एक बाएं हाथ के ओपनर को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध थी। हेड ने अपने प्रदर्शन से टीम के भरोसे को सही साबित किया। उन्होंने 2024 सीजन में 191.55 के स्ट्राइक रेट और 40 से ज्यादा की औसत से 567 रन बनाए। उनके प्रदर्शन की मदद से हैदराबाद फाइनल तक पहुंची, जहां उसे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले हेड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए 10 मैच खेल चुके थे। हैदराबाद के लिए उन्होंने कुल 43 मैचों में 32.95 की औसत और 176.14 के स्ट्राइक रेट से 1,351 रन बनाए। IPL की सबसे तेज रन बनाने वाली ओपनिंग जोड़ी रही ट्रैविशेक ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने IPL ही नहीं, बल्कि पूरे टी-20 क्रिकेट में ओपनिंग के अंदाज को बदला। दोनों ने कई बड़ी साझेदारियां कीं और रन बनाने की रफ्तार के मामले में रिकॉर्ड बनाया। रन रेट में नंबर-1: IPL इतिहास में कम से कम 1,000 साझेदारी रन बनाने वाली जोड़ियों में ट्रैविशेक का रन रेट सबसे बेहतर रहा है। दोनों ने 12.27 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाए। SRH की दूसरी सबसे सफल जोड़ी: हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा साझेदारी रन बनाने के मामले में यह जोड़ी शिखर धवन और डेविड वॉर्नर के बाद दूसरे नंबर पर है। दोनों ने 42 पारियों में 46.14 की औसत से 1,892 रन जोड़े। इसमें 6 शतकीय और 9 अर्धशतकीय साझेदारियां शामिल हैं। ट्रेड विंडो में भी सक्रिय रही हैदराबाद IPL 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्रेड विंडो के जरिए अपनी टीम में कई बदलाव किए हैं। लेग स्पिनर जीशान अंसारी को दिल्ली कैपिटल्स (DC) से ट्रेड कर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को टीम में शामिल किया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से तेज गेंदबाज खलील अहमद और नाथन एलिस को शामिल किया है। इसके बदले लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स को CSK भेजा है। तेज गेंदबाज हर्षल पटेल को 4 करोड़ रुपए में गुजरात टाइटंस (GT) को ट्रेड करने की भी तैयारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User