उन्नाव की 161 ग्राम पंचायतों ने पुरस्कार के लिए आवेदन:22 पंचायतों का होगा मौके पर सत्यापन, 5 को मिलेंगे कुल 1.10 करोड़ रुपए

Nov 17, 2026 - 12:28
0
उन्नाव की 161 ग्राम पंचायतों ने पुरस्कार के लिए आवेदन:22 पंचायतों का होगा मौके पर सत्यापन, 5 को मिलेंगे कुल 1.10 करोड़ रुपए
उन्नाव में 161 ग्राम पंचायतों ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के लिए आवेदन किया है। इनमें से 22 पंचायतों ने तय मानकों पर 45 से अधिक अंक पाने की योग्यता दिखाई है। अब इनका मौके पर सत्यापन होगा। इसके बाद पांच पंचायतों का चयन किया जाएगा। इस बार पंचायतों को सिर्फ कागजी दावों के आधार पर पुरस्कार नहीं मिलेगा। उन्हें विकास कार्यों के दस्तावेज देने के साथ गांव में काम होने का प्रमाण भी दिखाना होगा। योजना में विकास के नौ बिंदु तय किए गए हैं। पंचायतों के काम का आकलन इन बिंदुओं पर होगा। कुल 50 सवालों के जवाब और मौके पर मौजूद सुविधाओं के आधार पर अंक दिए जाएंगे। योजना के लिए कुल 100 अंक तय हैं। चयनित 22 पंचायतों की जांच दो चरणों में होगी। पहले पंचायती राज विभाग की टीम गांव जाकर दस्तावेजों और विकास कार्यों की जांच करेगी। इसके बाद जिला स्तरीय टीम मौके पर काम की गुणवत्ता और उपयोगिता देखेगी। दस्तावेजों में किए गए दावों का भी मौके पर मिलान होगा। दोनों चरणों की जांच के बाद जिले से पांच पंचायतों के नाम शासन को भेजे जाएंगे। शासन की ओर से बनाई गई टीम भी इन पंचायतों का सत्यापन करेगी। अंतिम चयन इसी प्रक्रिया के आधार पर होगा। योजना में रैंकिंग के आधार पर पुरस्कार राशि दी जाएगी। पहले स्थान पर आने वाली ग्राम पंचायत को 35 लाख रुपये और दूसरे स्थान पर आने वाली पंचायत को 30 लाख रुपये मिलेंगे। तीसरे स्थान पर 20 लाख रुपये, चौथे स्थान पर 15 लाख और पांचवें स्थान पर चयनित पंचायत को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस तरह जिले की पांच उत्कृष्ट पंचायतों को कुल 1.10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिल सकती है। डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने बताया कि योजना में आवेदन करने वाली पंचायतों में से 22 का स्थलीय सत्यापन शुरू कराया गया है। निर्धारित नौ बिंदुओं पर अभिलेखीय और धरातलीय जांच के बाद पांच उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों का चयन कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User