ट्रांसफार्मर से तांबा चोरी गिरोह के 3 मेंबर अरेस्ट:कानपुर में 111 Kg तांबे की प्लेटें बरामद, कबाड़ी को बेचते थे माल

Oct 21, 2026 - 20:36
0
ट्रांसफार्मर से तांबा चोरी गिरोह के 3 मेंबर अरेस्ट:कानपुर में 111 Kg तांबे की प्लेटें बरामद, कबाड़ी को बेचते थे माल
कानपुर के सेन पश्चिम पारा में पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तेल और तांबे की प्लेटें चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को हाईटेंशन लाइन के पास एक खाली प्लॉट से पकड़ा। उनके पास से 111 किलो से ज्यादा तांबे की प्लेटें, 11 हजार रुपए नकद, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कठोंगर गांव निवासी रामनरेश कुरील, अशोक कुरील और लक्ष्मी लाल कुरील के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने नगवां और कुरियां क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल और तांबा चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दिया था। पूछताछ में आरोपियों ने चकेरी के एक कबाड़ी को चोरी का माल बेचने की बात बताई है। गिरोह के दो अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों और कबाड़ी की तलाश कर रही है। ट्रांसफार्मर से तेल और तांबे की प्लेटें चुराई थी डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बिधनू के भारू उपकेंद्र के अवर अभियंता अरविंद कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, 8 सितंबर की रात नगवां गांव में चोरों ने ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद कर तेल और तांबे की प्लेटें चोरी कर ली थीं। इससे बिजली विभाग को करीब 6.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। इसी तरह बिधनू क्षेत्र में भी चोरी का एक और मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। मंगलवार रात पुलिस ने हाईटेंशन लाइन के पास स्थित खाली प्लॉट से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दशहरे मेले का फायदा उठाकर चोरी की एक और वारदात करने की कोशिश में थे। गिरोह में 16 सदस्य, दो फरार पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में नगवां और कुरियां क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। उन्होंने बताया कि चोरी का तेल और तांबा चकेरी के कबाड़ी बबलू को बेचते थे। मौके से चिलबिल उर्फ राजेंद्र और बड़काऊ उर्फ नरेश फरार हो गए। दोनों कठोंगर गांव के रहने वाले बताए गए हैं। डीसीपी साउथ ने बताया कि गिरोह में कुल 16 सदस्य होने की जानकारी मिली है। गिरफ्तार लक्ष्मी लाल पर 30 और अशोक पर 15 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। अशोक के खिलाफ फतेहपुर, बिधनू और इटावा के चकरनगर में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। रामनरेश पर भी दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपियों और कबाड़ी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User