उन्नाव में जमीन विवाद में घायल बुजुर्ग की मौत:परिजनों ने शव रखकर तीन घंटे तक किया प्रदर्शन; गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे
उन्नाव में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर पंचायत के बाद दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। करीब डेढ़ महीने से उनका लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार दोपहर करीब दो बजे अकोहरी-मवई मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। नाराज परिजनों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब 3 घंटे के बाद परिजनों ने प्रदर्शन खत्म किया। मामला मौरावां थाना क्षेत्र में पहाड़पुर गांव के पास का है। जानकारी के मुताबिक, 21 सितंबर को गांव में राम प्रसाद और राम हर्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया था। इसे सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसमें रामस्वरूप लोधी भी शामिल होने पहुंचे थे। पंचायत के बाद दोनों पक्षों में चले थे लाठी-डंडे आरोप है कि पंचायत खत्म होने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी घायलों को मौरावां के 100 बेड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से राम लखन, रामस्वरूप और राम कुमारी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल उन्नाव रेफर किया गया। वहीं, राम प्रसाद और राम हर्ष को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। रामस्वरूप लोधी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया था। हालांकि, परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के निजी अस्पताल ले गए थे। वहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन, पुलिस ने समझाया बुजुर्ग की मौत के बाद गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मारपीट के आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की और उनकी गिरफ्तारी भी नहीं हुई। इसके बाद शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में पहले से मारपीट का मुकदमा दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)