UP-TGT में शास्त्री और चार वर्षीय बीएड डिग्री भी मान्य:अब ये अभ्यर्थी 23 नवंबर तक कर सकेंगे सहायक अध्यापक भर्ती में आवेदन
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। विज्ञापन संख्या 07/2026 के तहत अब संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी से शास्त्री (संस्कृत) की उपाधि प्राप्त अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीए-बीएड और बीएससी-बीएड कोर्स करने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का विकल्प दे दिया गया है। आयोग ने इन दोनों योग्यताओं के विकल्प ऑनलाइन आवेदन पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए हैं। इन अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क जमा करने के लिए 23 नवंबर तक का समय मिलेगा। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने 19 नवंबर को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन के आदेश और आयोग के निर्णय के क्रम में संबंधित अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है। अब पात्र अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार, टीजीटी भर्ती का विज्ञापन 23 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया था। इसमें संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से शास्त्री (संस्कृत) की उपाधि प्राप्त अभ्यर्थियों और चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीए-बीएड एवं बीएससी-बीएड कोर्स करने वालों के लिए ऑनलाइन आवेदन का विकल्प उपलब्ध नहीं था। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-5 की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के अनुपालन में शास्त्री (संस्कृत) उपाधिधारकों को आवेदन की सुविधा दी गई है। वहीं, आयोग के निर्णय के बाद चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड डिग्रीधारकों के लिए भी पोर्टल पर विकल्प खोल दिया गया है। टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर निर्धारित है, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर है। आयोग अध्यक्ष ने पात्र और इच्छुक अभ्यर्थियों से अपनी अर्हता के अनुसार निर्धारित समय में ऑनलाइन आवेदन पूरा करने को कहा है। आयोग के इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो संबंधित डिग्री होने के बावजूद पोर्टल पर विकल्प उपलब्ध न होने के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)