वाराणसी की आज की 10 बड़ी खबरें:कंगना ने कहा- अखिलेश के कार्यकाल में सिर्फ गोलियां चलीं, भेलूपुर की हवा सबसे खराब
नमस्कार, वाराणसी की कल (बुधवार) की बड़ी खबरें… संस्कृति संसद के दूसरे दिन शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती ने राम मंदिर कोष से गुरुकुल, गौशालाएं और संस्कारशालाएं बनाने की मांग उठाई। वहीं, मौसम में बदलाव के साथ शहर की हवा भी प्रदूषित होने लगी है। AQI 132 के साथ वाराणसी येलो जोन में पहुंच गया। भेलूपुर सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 169 दर्ज किया गया। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- संस्कृति संसद में शंकराचार्य ने कहा- राम मंदिर के कोष से गुरुकुल-संस्कारशालाएं बनें वाराणसी में संस्कृति संसद के दूसरे दिन सुमेरु पीठाधीश्वर शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती ने मठ-मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कर सनातनियों को सौंपने की मांग की। उन्होंने कहा कि मंदिरों की संपत्ति से गुरुकुल, गौशालाएं और संस्कारशालाएं बनाई जाएं। राम जन्मभूमि के धन से एक लाख विद्यार्थियों के लिए गुरुकुल और डेढ़ लाख गायों के लिए गौशालाएं स्थापित करने का लक्ष्य होना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर... 2- अखिलेश पर कंगना का पलटवार, बोलीं- उनके कार्यकाल में सिर्फ गोलियां चलीं हिमाचल प्रदेश की मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनोट बुधवार को वाराणसी पहुंचीं। एयरपोर्ट पर उन्होंने अखिलेश यादव के मेट्रो वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी में लाखों-करोड़ों का निवेश कर रहे हैं। शहर का कायाकल्प हुआ है। अखिलेश और उनके पिता ने अपने कार्यकाल में क्या किया? तब यहां सिर्फ गोलियां चलवाई गईं। पढ़ें पूरी खबर… 3- शाह के बयान पर शंकराचार्य बोले- अंगद का पैर सत्ता नहीं, राम के सत्य और न्याय से अडिग था शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अंगद के पैर वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अंगद का पैर सत्ता या अहंकार नहीं, बल्कि भगवान राम के सत्य, धर्म और न्याय की शक्ति से अडिग था। उन्होंने योगी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बटुकों की चोटी खींचने और संतों पर प्रहार के आरोपों वाले शासन की तुलना रामराज्य से नहीं की जा सकती। पढ़ें पूरी खबर... 4- धनतेरस पर झाड़ू, धनिया और कौड़ी खरीदना शुभ; शाम 6:06 से 8:02 बजे तक लक्ष्मी पूजन दीपावली के पांच दिवसीय पर्व की शुरुआत 6 नवंबर को धनतेरस से होगी। इस दिन सोना-चांदी और बर्तनों के साथ झाड़ू, साबुत धनिया और कौड़ी खरीदने की परंपरा है। ज्योतिषाचार्य श्रीराम शर्मा ने बताया- झाड़ू सफाई, धनिया धन-धान्य और कौड़ी समृद्धि का प्रतीक है। धनतेरस पर शाम 6:06 से रात 8:02 बजे तक वृष लग्न में लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त है। इस दिन भगवान धन्वंतरि और कुबेर की पूजा भी की जाती है। पढ़ें पूरी खबर... 5- काशी की हवा येलो जोन में पहुंची, AQI 132; भेलूपुर सबसे प्रदूषित वाराणसी में बुधवार सुबह हल्की धुंध के साथ दिन की शुरुआत हुई। सुबह तापमान 26 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी। वहीं, शहर का AQI 132 पहुंचने से हवा येलो जोन में आ गई। भेलूपुर में सबसे ज्यादा AQI 169 दर्ज हुआ। यहां पीएम 2.5 का स्तर 348 रहा। विशेषज्ञों ने अस्थमा मरीजों को मास्क लगाकर बाहर निकलने की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर… 6- सरकारी ठेकेदार के खाते से 11 दिन में 72 बार ट्रांजेक्शन, 10.97 लाख निकाले वाराणसी में साइबर जालसाजों ने सरकारी ठेकेदार के बैंक खाते से 11 दिनों में 10 लाख 97 हजार 751 रुपए निकाल लिए। 28 सितंबर से 11 अक्टूबर के बीच 72 बार यूपीआई से ट्रांजेक्शन हुआ। पीड़ित पवन का दावा है कि उन्होंने कभी यूपीआई या एटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। बैंक से कोई अलर्ट भी नहीं मिला। 18 अक्टूबर को साइबर क्राइम थाने में शिकायत के बाद 28 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज हुआ। पढ़ें पूरी खबर... 7- हार्दिक पटेल बोले- राहुल गांधी लगातार देश को गुमराह कर रहे, PM से डिबेट का सवाल नहीं गुजरात के भाजपा विधायक हार्दिक पटेल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार देश को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डिबेट की चुनौती पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से व्यक्तिगत बहस का कोई सवाल नहीं है। एसआईआर पर उन्होंने कहा कि मृतकों और पते पर नहीं मिलने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची से हटना स्वाभाविक है। पढ़ें पूरी खबर... 8- धीरेंद्र शास्त्री पर FIR की मांग, अधिवक्ताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में सौंपा ज्ञापन भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बुधवार को वाराणसी में अधिवक्ताओं ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ता विकास सिंह और सेंट्रल बार महामंत्री आशीष सिंह ने आरोप लगाया कि बयानों से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। पढ़ें पूरी खबर... 9- चंडीगढ़-पटना के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, वाराणसी में दोनों तरफ 10 मिनट ठहराव त्योहारों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ और पटना के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन का ठहराव वाराणसी जंक्शन पर भी होगा। चंडीगढ़ से 6 नवंबर को चलने वाली ट्रेन शाम 4:35 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वहीं, पटना से 7 नवंबर को रवाना ट्रेन 8 नवंबर की सुबह 4:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 10 मिनट ठहराव रहेगा। ट्रेन में वातानुकूलित, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कुल 17 कोच होंगे। पढ़ें पूरी खबर... 10- क्यूएस एशिया रैंकिंग में IIT-BHU की 18 पायदान छलांग, 219वां स्थान मिला आईआईटी बीएचयू ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स एशिया 2027 में 18 पायदान की छलांग लगाकर 219वां स्थान हासिल किया है। पिछले साल संस्थान 237वें स्थान पर था। वहीं, क्यूएस दक्षिण एशिया रैंकिंग 2026 में भी 11 स्थान सुधार के साथ 38वीं रैंक मिली है। निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और पूर्व छात्रों को दिया। पढ़ें पूरी खबर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)