वाराणसी की पंखा निर्माण फैक्ट्री में आग:तारपीन-सॉल्वेंट के ड्रमों से भड़की, आसपास के घर खाली कराए; 2 मंजिला बिल्डिंग के पिलर झुके
वाराणसी के मंडुवाडीह इलाके में सोमवार भोर एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैली और कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फैक्ट्री में पंखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले तारपीन, सॉल्वेंट और अन्य ज्वलनशील केमिकल ड्रमों में रखे थे। आग के इन केमिकल तक पहुंचने की आशंका के चलते फायरकर्मियों ने बेहद सावधानी से ऑपरेशन चलाया। गार्ड ने भोर में देखा धुआं, फायर ब्रिगेड को दी सूचना फैक्ट्री के मैनेजर अनादिशंकर गुप्ता के मुताबिक, रात में संतोष मौर्य गार्ड की ड्यूटी पर तैनात थे। भोर करीब 4 बजे उन्होंने फैक्ट्री परिसर से धुआं उठता देखा। गार्ड ने तत्काल फैक्ट्री प्रबंधन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारी विनोद पांडेय ने बताया कि फैक्ट्री तक पहुंचने वाला रास्ता काफी संकरा है। इस वजह से दमकल की बड़ी गाड़ियां फैक्ट्री के बिल्कुल पास तक नहीं पहुंच पा रही थीं। ऐसे में दमकल की गाड़ियों को GT रोड पर खड़ा किया गया और लंबी पाइपलाइन के जरिए फैक्ट्री तक पानी पहुंचाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। पानी खत्म होने के बाद दमकल टीम ने चांदपुर स्थित एक फैक्ट्री से पानी भरवाया और दोबारा मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान जारी रखा। फायरकर्मी कई घंटे तक आग पर काबू पाने में जुटे रहे। गर्मी से 2 मंजिला इमारत के पिलर झुकने लगे आग की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भीषण गर्मी के कारण दो मंजिला इमारत के पिलर आगे की ओर झुकने लगे। इससे भवन की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हो गया। इमारत कमजोर होने की आशंका के चलते फायरकर्मियों को आग बुझाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। टीमों ने आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने के साथ फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील सामग्री को ध्यान में रखकर अभियान चलाया। आसपास के घर खाली कराए, लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा आग की तेज लपटों और भीषण गर्मी को देखते हुए मंडुवाडीह पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली कराया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें पुलिस ने घटनास्थल से दूर रखा। शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मैनेजर अनादिशंकर गुप्ता ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद फैक्ट्री में रखे स्टॉक और तैयार माल का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री के डायरेक्टर संजीव जयपुरिया, जो ब्रिज एल्क्लेव, सुंदरपुर के निवासी हैं, इस समय हैदराबाद में हैं। उन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)