'विकसित भारत के लिए दुनिया को नई तकनीक देनी होगी':गोरखपुर में बोले जगदंबिका पाल, विज्ञान मेले में बिहार बना चैंपियन
गोरखपुर के पक्कीबाग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय विज्ञान मेले के अंतिम दिन बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उत्तर पूर्व क्षेत्र (बिहार) ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र दूसरे स्थान पर रहा, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर क्षेत्र संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत के लिए हमें दुनिया को नई तकनीक देने वाला देश बनना होगा। इस दौरान स्कूल परिसर में नवनिर्मित 'रज्जु भैया भवन', मां सरस्वती की मूर्ति और संस्थापक सदस्यों की प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया। छात्र ही आत्मनिर्भर भारत की नींव रखेंगे- जगदंबिका पाल
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि इस राष्ट्रीय मेले की मेजबानी पूर्वी यूपी के लिए गर्व की बात है और आज के यही छात्र आत्मनिर्भर भारत की नींव रखेंगे। उन्होंने कहा कि विज्ञान सिर्फ लैब या मॉडल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक छोटे से सवाल, जिज्ञासा और कल्पना से शुरू होता है। किसानों की समस्या सुलझाने वाले मॉडल बनाएं युवा
उन्होंने जोर दिया कि 2047 के विकसित भारत के लिए हमें तकनीक का सिर्फ इस्तेमाल करने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को नई तकनीक देने वाला देश बनना होगा। विज्ञान का असली फायदा तभी है, जब यह आम आदमी के काम आए। पूर्व छात्रों के सहयोग से लगीं प्रतिमाएं
समारोह में पूर्व छात्रों के सहयोग से स्कूल परिसर में शिशु मंदिर योजना के संस्थापक सदस्य कृष्णचंद गांधी, नानाजी देशमुख और भाऊराव देवरस की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। साथ ही अतिथियों ने नए बने 'रज्जु भैया भवन' और मां सरस्वती की प्रतिमा का भी लोकार्पण किया। इस दौरान विद्या भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष प्रो. रविंद्र कान्हेरे, पूर्वी यूपी अध्यक्ष दिव्यकांत शुक्ल, क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचंद, संभाग निरीक्षक कन्हैया चौबे, संयोजक नगेंद्र पांडेय, सह क्षेत्र संगठन मंत्री डॉ. राममनोहर, डॉ. रामनाथ गुप्त, डॉ. शैलेश सिंह, कमल किशोर, प्रदेश निरीक्षक राम सिंह, जियालाल जी, अजय दुबे और प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह, पूर्वी यूपी क्षेत्र के विज्ञान प्रमुख बांके बिहारी पांडेय समेत कई शिक्षाविद मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)