व्यापारियों को मासिक पेंशन और दुर्घटना बीमा देने की मांग:व्यापार मंडल ने CM को भेजा मांगपत्र, कमर्शियल बिजली दरों में राहत की भी मांग
शामली में संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 10 सूत्रीय मांगपत्र भेजा है। संगठन ने 60 वर्ष से अधिक आयु के पंजीकृत व्यापारियों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने, व्यापारियों के स्टॉक का सरकारी स्तर पर बीमा कराने और आयुष्मान योजना का लाभ देने की मांग उठाई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग की ओर से 16 नवंबर को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद से व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और निडर होकर कारोबार कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने सरकार का आभार जताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि व्यापारियों की कई समस्याएं अभी भी लंबित हैं, जिनका समाधान जरूरी है। ज्ञापन में मांग की गई है कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी पंजीकृत व्यापारियों के लिए तीन हजार रुपये मासिक पेंशन योजना लागू की जाए। प्राकृतिक आपदा, बाढ़ और आगजनी में दुकानों के स्टॉक को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए सरकारी स्तर पर बीमा कराया जाए। इसके अलावा कमर्शियल बिजली की दरें घरेलू दरों के बराबर करने और व्यापारियों को आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। व्यापार मंडल ने विभिन्न विभागों में व्यापारियों के पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया आजीवन करने, जीएसटी का सरलीकरण करने और मंडी समिति शुल्क समाप्त कर उसे जीएसटी में समायोजित करने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही लखनऊ में किसान भवन की तर्ज पर व्यापार भवन बनाने और ज्वेलर्स व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की गई है। ज्ञापन में व्यापारियों की दुर्घटना बीमा राशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने और शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तर्ज पर व्यापारियों के लिए अलग निर्वाचन क्षेत्र बनाने की मांग भी शामिल है। प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने मुख्यमंत्री से सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)