हापुड़ में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा शुरू:डीएम ने जागरूकता रथ रवाना किया, लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा
हापुड़ में सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़ा शुरू हुआ। जिलाधिकारी कविता मीना ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।
जागरूकता रथ जनपद के कस्बों, ग्रामीण इलाकों और प्रमुख जगहों पर जाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए जागरूक करेगा।
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिए सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना जरूरी है।
उन्होंने लोगों से तय गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ‘समझदार बनें, सुरक्षित रहें’ संदेश के साथ पखवाड़े में संबंधित विभाग आपसी तालमेल से स्कूलों, चौराहों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता कार्यक्रम करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन के साथ हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि वे खुद और दूसरों को सुरक्षित रख सकें।
कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)