स्पेशल टीईटी में 87.92% अभ्यर्थी उपस्थित:UPESSC प्रयागराज से AI कैमरे से निगरानी, लखनऊ में पकड़ा फर्जी अभ्यर्थी
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित स्पेशल टीईटी-2026 मंगलवार को छह मंडल मुख्यालयों पर दो पालियों में कराई गई। इसकी दोनों पालियों में 87.92 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। आयोग मुख्यालय प्रयागराज में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की गई। इसी दौरान लखनऊ के एक परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे फर्जी परीक्षार्थी को एआई तकनीक की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में परीक्षा आयोजित हुई। पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक प्राइमरी के शिक्षकों के लिए और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों के लिए कराई गई। आयोग के अनुसार, दोनों पालियों को मिलाकर 1,06,547 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 93,681 ने परीक्षा दी, जिससे कुल उपस्थिति 87.92 प्रतिशत रही। पहली पाली में 58,353 में से 50,666 अभ्यर्थी (86.80 प्रतिशत) और दूसरी पाली में 48,194 में से 43,015 अभ्यर्थी (89.25 प्रतिशत) उपस्थित रहे। आयोग मुख्यालय के कंट्रोल कमांड रूम से एआई कैमरों और विशेष सॉफ्टवेयर के जरिए पूरे समय केंद्रों की निगरानी की गई। इसी निगरानी के दौरान लखनऊ के बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज स्टेशन रोड केंद्र पर एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया, जो किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि सभी केंद्रों पर परीक्षा नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से कराई गई। उन्होंने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)