अभिधम्म समारोह के समापन पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पहुंचे:मैनपुरी में चार दिवसीय कार्यक्रम खत्म, विधायक-सांसद भी रहे मौजूद
मैनपुरी के भोगांव के ग्राम जसराजपुर स्थित बाई बीएस सेंटर में चल रहे चार दिवसीय अभिधम्म समारोह का मंगलवार को समापन हुआ। अंतिम दिन समारोह में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, विधायक रामनरेश अग्निहोत्री और सांसद मुकेश राजपूत ने पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान आयोजकों और बौद्ध अनुयायियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक सुरेश बौद्ध ने केंद्रीय मंत्री समेत सभी अतिथियों को चीवर दान किया। समारोह में भगवान बुद्ध के उपदेशों और अभिधम्म के महत्व पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला। बड़ी संख्या में भंते और बौद्ध अनुयायी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मंगलवार को जसराजपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में शांति, करुणा और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने अभिधम्म समारोह के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बौद्ध दर्शन और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलती है। विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं मानवता, शांति और सद्भाव का संदेश देती हैं। समाज को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। समारोह में बौद्ध भिक्षुओं ने धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)