युवक को कार से कुचलने की कोशिश के बाद फायरिंग:इटावा में 6 लोगों पर आरोप, घटना CCTV में कैद

Oct 31, 2026 - 14:27
0
युवक को कार से कुचलने की कोशिश के बाद फायरिंग:इटावा में 6 लोगों पर आरोप, घटना CCTV में कैद
इटावा के सिविल लाइन क्षेत्र में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर स्थित एक होटल में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कार सवार छह लोगों ने पहले बकेवर स्थित एक होटल संचालक को गाड़ी से रौंदने की कोशिश की गई। जान बचाने के लिए संचालक एक होटल के भीतर पहुंचा तो हमलावर भी पीछे-पीछे अंदर घुस आए और तमंचे व पिस्टल से गोलियां चलाने लगे। संचालक ने किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की पूरी तस्वीर होटल के सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हुई है। पुलिस में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। सराय दयानत निवासी दुर्गेश कुमार पुत्र लायक सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सिया देवी अस्पताल के नजदीक उसका होटल है। 28 अक्टूबर की रात करीब 10:40 बजे वह होटल के बाहर मौजूद था। इसी दौरान कार से पहुंचे छह लोगों ने उसे निशाना बनाया। दुर्गेश ने आरोप लगाया कि अंकित यादव उर्फ एलएल निवासी कृष्णा पुरम, तनुज उर्फ शक्ति निवासी आनंद नगर, अंकुश निवासी बिठारी, आलोक यादव और अभिनव यादव निवासी भगत सिंह नगर तथा सुमित पहलवान निवासी छिपैटी ने उसे कार से टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों की कार का नंबर यूपी 75 टी 6194 था। कार को अपनी तरफ आता देख वह तुरंत वहां से हट गया और जान बचाने के लिए होटल के अंदर चला गया। आरोप है कि कार सवार लोग भी उसके पीछे होटल में पहुंच गए। वहां पहुंचते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथों में मौजूद तमंचे व पिस्टल से फायरिंग करने लगे। गोलियां चलने के दौरान दुर्गेश ने किसी तरह खुद को बचाया और हमलावर उसे गोली मारने में सफल नहीं हो सके। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास की दुकानों पर मौजूद अमन, कृष्णा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को अपनी तरफ आता देख हमलावर होटल का गेट तोड़कर वहां से निकल गए। इस दौरान होटल के प्रवेश द्वार को भी क्षति पहुंची। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। दुर्गेश का आरोप है कि मौके से भागते समय हमलावर उसे और उसके परिवार को दो दिन के अंदर जान से मारने की धमकी भी दे गए। इस वजह से परिवार के लोग डरे हुए हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों के भय के चलते वह तत्काल पुलिस के पास नहीं पहुंच सका। अब उसने थाने में शिकायत देकर सभी नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। इंस्पेक्टर के के मिश्र ने बताया मामले की जांच कर रही है। नामजद आरोपियों की तलाश के साथ ही होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर 6 नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों में वर्चस्प का झगड़ा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User