युवक ने हाईटेंशन टावर पर फांसी लगाने की कोशिश की:संभल में डायल 112 पुलिस ने बचाया; लव अफेयर में विवाद के बाद उठाया कदम
सम्भल के थाना असमोली क्षेत्र में शुक्रवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया, जहां 23 वर्षीय युवक ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर फांसी लगाने का प्रयास किया। युवक को टावर पर फंदे से लटका देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, असमोली निवासी विशाल (23) पुत्र सुरेश शुक्रवार दोपहर करीब 01:00 बजे गांव के पास स्थित 32 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। टावर पर पहुंचकर उसने फांसी का फंदा लगा लिया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। करीब दस मिनट बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से करीब 1:15 बजे टावर पर चढ़कर युवक को नीचे उतारा। इसके बाद उसे तत्काल सम्भल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। युवक के पिता सुरेश ने बताया कि उनका बेटा विशाल एक मिल में काम करता था। उसका गांव की ही एक युवती से करीब डेढ़ से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता के मुताबिक, युवती की शादी हो गई थी। इसके बाद दोनों के रिश्ते में विवाद की स्थिति पैदा हो गई। पिता ने इसी प्रेम संबंध को बेटे के इस कदम की वजह बताया है। घटना की जानकारी मिलने पर थाना असमोली पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल विशाल की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)