सीतापुर में दो माह के बच्चे को लगाए 5 इंजेक्शन:2 मिनट में मौत; परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर लगाया आरोप

Oct 30, 2026 - 15:55
0
सीतापुर में दो माह के बच्चे को लगाए 5 इंजेक्शन:2 मिनट में मौत; परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर लगाया आरोप
सीतापुर के बिसवां में एक निजी क्लीनिक में दो माह के मासूम की मौत के बाद शुक्रवार दोपहर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक संचालक ने बच्चे को एक के बाद एक पांच इंजेक्शन लगा दिए। इसके 1-2 मिनट बाद ही उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस के साथ एसडीएम राहुल सिंह और सीएचसी अधीक्षक अमित कपूर भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। खांसी-जुकाम की शिकायत पर क्लीनिक पहुंचे थे परिजन मामला बिसवां कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बगिया स्थित एक निजी क्लीनिक का है। मोहल्ला अमरनगर निवासी दो माह के नितिन को पिछले दो दिनों से खांसी-जुकाम की शिकायत थी। शुक्रवार को परिजन उसे उपचार के लिए मोहम्मद हुसैन की क्लीनिक पर लेकर पहुंचे थे। बच्चे के मामा रामचंद्र का आरोप है कि क्लीनिक संचालक ने बच्चे को देखने के बाद एक के बाद एक पांच इंजेक्शन लगा दिए। इनमें चार इंजेक्शन नस में लगाए गए। नस में इंजेक्शन लगाने से मना किया, फिर भी नहीं रुके रामचंद्र के मुताबिक, बच्चे की नस में इंजेक्शन लगाने के दौरान परेशानी हो रही थी। इस पर परिजनों ने डॉक्टर को ऐसा करने से मना भी किया, लेकिन उन्होंने खुद को डॉक्टर बताते हुए इंजेक्शन लगाना जारी रखा। आरोप है कि पांच इंजेक्शन लगने के महज एक-दो मिनट बाद ही मासूम की मौत हो गई। बच्चे की मौत होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौत के बाद परिजनों को क्लीनिक से बाहर निकालने का आरोप परिजनों का आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद क्लीनिक संचालक ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया और सरकारी अस्पताल ले जाने को कहा। इससे नाराज परिजनों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली। परिजनों ने क्लीनिक संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जांच के बाद होगी कार्रवाई घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम राहुल सिंह और सीएचसी अधीक्षक अमित कपूर भी क्लीनिक पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User