बिजनौर में जहरीली फलियां खाने से दो बच्चियों की मौत...
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गुलाह नदी किनारे खेलते समय तीन बच्चियों ने कथित तौर पर कसौंदी के जंगली पौधे की फलियां खा लीं। इससे दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि तीसरी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दि राइजिंग न्यूज़ | बिजनौर | 21 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां नदी किनारे खेलते समय जंगली पौधे की फलियां खाने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि तीसरी बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों बच्चियां घर से खेलने निकली थीं और गुलाह नदी के किनारे पहुंच गई थीं। यहां उन्होंने कथित तौर पर कसौंदी नाम के जंगली पौधे की फलियां तोड़कर खा लीं। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए।
यह घटना बिजनौर के बढ़ापुर इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, तीनों बच्चियों में दो की उम्र छह वर्ष और एक की उम्र चार वर्ष थी। पहले तीनों को निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद गुरुवार देर शाम छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। वहीं, शुक्रवार को चार वर्षीय बच्ची ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है।
तीसरी बच्ची साधिका की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उसे बिजनौर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। बढ़ापुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, दोनों बच्चियों के शवों को बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया गया। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक गौतम राय ने बताया कि जहरीली फलियां खाने के बाद बच्चियों की मौत हुई है। घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी दे दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)