नोएडा के गेझा गांव में 6 करोड़ से बनेगा ब्रह्मसरोवर:बोटिंग की भी मिलेगी सुविधा, 1.8 एकड़ में विकसित होगा पिकनिक स्पॉट
शहर के लोगों को जल्द ही घूमने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक नया पिकनिक स्पॉट मिलने वाला है। गेझा गांव में करीब 1.8 एकड़ में पुराने तालाब को ब्रह्मसरोवर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके रिन्यूवेशन पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए सलाहकार कंपनी ने डिजाइन तैयार कर लिया है। डिजाइन के अनुसार तालाब को आकर्षक लैंडस्केपिंग के साथ विकसित किया जाएगा। यहां हरियाली के बीच लोग सुकून के पल बिता सकेंगे। ब्रह्मसरोवर को खूबसूरत बनाने के लिए तालाब के आसपास तरह-तरह के पौधे और रंग-बिरंगे फूल लगाए जाएंगे। लोगों के बैठने के लिए जगह-जगह बेंच बनाई जाएंगी। इसके अलावा सरोवर के चारों तरफ वॉकिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा, ताकि लोग यहां टहलने और घूमने का आनंद ले सकें। परियोजना में बोटिंग की सुविधा शुरू करने की भी योजना है। हालांकि इसे निर्माण पूरा होने के बाद जरूरत और व्यवस्था के अनुसार शुरू किया जा सकता है। टेंडर जारी, एक साल में पूरा करना होगा काम
ब्रह्मसरोवर के निर्माण के लिए नोएडा प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। निर्माण कंपनियां 16 नवंबर तक इसके लिए आवेदन कर सकती हैं। 17 नवंबर को कम लागत वाली कंपनी का चयन किया जाएगा। चयनित कंपनी को एक साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा करना होगा। इसके बाद शहर के लोगों को घूमने के लिए एक नया स्थान मिल सकेगा। सेक्टर-164 में भी बन रहा सरोवर
गेझा गांव में बनने वाला ब्रह्मसरोवर नोएडा का पहला ऐसा विकसित सरोवर होगा। इसके अलावा सेक्टर-164 में भी एक सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, सेक्टर-107 में पुष्करिणी तालाब विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के जरिए पुराने तालाबों को नया स्वरूप देने के साथ शहर में हरियाली और घूमने-फिरने के नए स्थान तैयार किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)