11:15 से 12:30 बजे तक भाईदूज पूजा का शुभ मुहूर्त:काशी में बहनें भाई को श्राप देकर गोधन कूटेंगी
भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व भाईदूज बुधवार को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। ज्योतिषाचार्य श्री राम शर्मा के मुताबिक, भाईदूज की पूजा के लिए सुबह 11:15 बजे से 12:30 बजे तक का समय शुभ है। यह अभिजीत मुहूर्त है, जिसे पूजा-पाठ और शुभ कार्यों के लिए अच्छा माना जाता है। श्री शर्मा ने बताया कि भाईदूज का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना की पौराणिक कथा से है। मान्यता है कि यमुना लंबे समय से अपने भाई यमराज को घर आने का निमंत्रण दे रही थीं, लेकिन यमराज उनके घर नहीं जा पा रहे थे। आखिरकार यमुना के बार-बार बुलाने पर यमराज उनके घर पहुंचे। यमुना ने उनका तिलक लगाकर स्वागत किया और आदर-सत्कार किया। बहन के प्रेम और सम्मान से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया। इसी दिन को यम द्वितीया और भाईदूज के रूप में मनाया जाने लगा। सुबह भाई को प्रतीकात्मक श्राप देकर कूटती हैं गोधन काशी और पूर्वांचल में भाईदूज पर गोधन कूटने की परंपरा भी निभाई जाती है। इसमें बहनें सुबह उठकर सबसे पहले भाई को प्रतीकात्मक रूप से श्राप देती हैं। इसके बाद गोबर से बने गोधन को मूसल से कूटती हैं। लोककथा के अनुसार, एक बार यमराज के दरबार में एक ऐसी आत्मा को लाने की बात हुई, जिसकी बहन ने कभी उसे श्राप न दिया हो। यमराज ऐसे व्यक्ति को लेने पहुंचे तो उसकी बहन को इसकी जानकारी हो गई। उसने भाई को बचाने के लिए यमराज को श्राप दिया। यमराज ने उसकी परीक्षा लेने के लिए कई बार अलग-अलग तरीकों से उसे परेशान किया। गुस्से में बहन ने गोबर का टुकड़ा उठाकर कहा कि यदि उसका प्रेम सच्चा है तो यमराज की शक्ति इसमें समा जाए। मान्यता है कि यमराज की शक्ति गोबर में समा गई। बाद में बहन ने गोबर पर पान का पत्ता, सुपारी और इलायची रखकर मूसल से कूटा, जिससे यमराज उस बंधन से मुक्त हुए। इसके बाद बहन को एहसास हुआ कि उसने भाई की रक्षा के लिए यमराज को श्राप दिया था। इसी के प्रायश्चित और भाई की लंबी उम्र की कामना के लिए बहनें अपनी जीभ पर कांटा चुभाती हैं। इस रस्म को साईं का कांटा चुभाना भी कहा जाता है। तिलक लगाकर करती हैं लंबी उम्र की कामना गोधन कूटने की रस्म के बाद बहनें भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इसके बाद भाई को तिलक लगाकर आरती उतारती हैं और मिठाई खिलाती हैं। मान्यता है कि इस दिन बहन के हाथों तिलक करवाने वाले भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)