11 महीने गैर हाजिर सिपाही को मिला वेतन:जांच में लापरवाही मिलने पर एसएसपी ने की कार्रवाई, 3 सस्पेंड
बदायूं पुलिस लाइन में एक महिला सिपाही के 11 महीने तक बिना बताए ड्यूटी से गैरहाजिर रहने और वेतन लेने के मामले में अब तीन और पुलिसकर्मी निलंबित किए गए हैं। इनमें गणना मेजर विजय तोमर और दो गणना मुंशी अनुज व राजेश शामिल हैं। दरअसल, पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाही करीब 11 महीने तक बिना अनुमति ड्यूटी पर नहीं आई। इस दौरान वह हाथरस स्थित अपने घर पर रही, लेकिन उसे लगातार वेतन मिलता रहा। मामला सामने आने के बाद उसे निलंबित कर जांच शुरू की गई थी। जांच आगे बढ़ने पर गणना कार्यालय की लापरवाही सामने आई। अधिकारियों तक महिला सिपाही की लंबी गैरहाजिरी की जानकारी नहीं पहुंचने को इस कार्रवाई की वजह बताया गया है। निगरानी में लापरवाही बरती विभागीय जांच में यह देखा जा रहा है कि इतनी लंबी गैरहाजिरी के बावजूद उपस्थिति और ड्यूटी संबंधी रिकॉर्ड में यह स्थिति समय पर क्यों नहीं पकड़ी गई। साथ ही, यह भी जांच का हिस्सा है कि महिला सिपाही को वेतन जारी होने की प्रक्रिया में किस स्तर पर निगरानी की कमी रही। महिला सिपाही के मामले में शुरू हुई कार्रवाई अब उन कर्मचारियों तक पहुंच गई है, जिन्होंने उसकी निगरानी में लापरवाही बरती थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)