हसीना बोलीं- आजादी के बिना पाकिस्तानी जूतों तले होता बांग्लादेश:मेरे पिता जिंदा होते तो 10 साल में विकसित देश खड़ा कर देते

Nov 29, 2026 - 13:19
0
हसीना बोलीं- आजादी के बिना पाकिस्तानी जूतों तले होता बांग्लादेश:मेरे पिता जिंदा होते तो 10 साल में विकसित देश खड़ा कर देते
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बांग्लादेश की मौजूदा तारिक रहमान सरकार पर देश में अत्याचार और राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेश को आजादी नहीं मिली होती तो आज भी देश पाकिस्तानी सेना के जूतों तले दबा होता और किसी के प्रधानमंत्री बनने की नौबत ही नहीं आती। हसीना ने अपने पिता और बांग्लादेश के संस्थापक नेता शेख मुजीबुर रहमान को याद करते हुए कहा कि अगर वे जिंदा होते तो आजादी के 10 साल के भीतर बांग्लादेश को दुनिया के विकसित देशों में शामिल कर देते। उनके मुताबिक पिता की हत्या से देश के विकास का सपना अधूरा रह गया। हसीना ने ये बातें अवामी लीग के एक ऑनलाइन कार्यक्रम में कहीं। इसमें उन्होंने राजनीतिक हिंसा के दौरान मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं और दूसरे लोगों के परिवारों ने अपनी आपबीती सुनाई। हसीना ने कहा- जेल में बंद लोगों को प्रताड़ित किया गया शेख हसीना ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिरासत में रखे गए लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें दवाएं और इलाज तक नहीं दिया जा रहा। कई लोगों की जेल में मौत हो गई, लेकिन उनके परिवारों को इसकी जानकारी भी नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया कि ऐसी घटनाएं राजधानी ढाका समेत देश के कई हिस्सों में हो रही हैं। उन्होंने ढाका के रामपुरा और बंगशाल इलाकों के दो मामलों का भी जिक्र किया। 1971 के स्वतंत्रता सेनानी की हत्या का आरोप हसीना ने मयमनसिंह जिले के धुबौरा इलाके में 1971 के स्वतंत्रता सेनानी शेख हुसैन अली की हत्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटका दिया गया। हसीना ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों को एक-एक कर निशाना बनाया जा रहा है। इससे बांग्लादेश की आजादी की लड़ाई से जुड़ी पहचान मिटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सेनानियों के बिना देश कभी आजाद नहीं हो सकता था। शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पहली बार अपनी वापसी के लिए तारीख बताई है। वे 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि हसीना सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं। 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए लड़ने वाले लोगों का संगठन था। 5 अगस्त 2024 को देश छोड़कर भारत आई थीं हसीना बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था। छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे। इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। धीरे-धीरे आंदोलन पूरे देश में फैल गया। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका की ओर बढ़े और हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User