पनीर खाने से संभल-अमरोहा के 50 लोगों की तबीयत बिगड़ी:भात नौतने की दावत में खाने के बाद लोग बीमार पड़े, दो महिलाएं अस्पताल में भर्ती
अमरोहा के शेरगढ़ गांव में भात नौतने की दावत में पनीर खाने के बाद दो दिन में 50 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें संभल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मामला संभल जिले की गुन्नौर तहसील के रजपुरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत गवां और अमरोहा जिले की हसनपुर तहसील के आदमपुर थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव से जुड़ा है। शेरगढ़ निवासी रणवीर के भांजे की शादी के सिलसिले में शुक्रवार को भात नौतने का कार्यक्रम रखा गया था। दावत में संभल के असमोली थाना क्षेत्र के बेला गांव से ममता और उनके बहनोई समेत करीब 20 से 25 लोग पहुंचे थे। मेहमानों के लिए खाना तैयार कराया गया था। रणवीर ने इसके लिए रजपुरा थाना क्षेत्र के गवां कस्बे में स्थित पावस मिष्ठान भंडार से तीन किलो पनीर खरीदा था। दुकान के संचालक पावस कुमार, राजेश्वर के बेटे हैं। शुक्रवार को खाना खाने के कुछ घंटे बाद लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। शुरुआत में गांव में ही निजी डॉक्टरों से इलाज कराया गया। शनिवार शाम करीब 6 बजे फिर कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। इसके बाद पूनम पत्नी लोकेश और ममता पत्नी बिजेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें संभल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रणवीर ने गवां पुलिस चौकी में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि दुकान से खरीदा गया पनीर खराब और मिलावटी था। इसे खाने के बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ी। उन्होंने दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि शिकायत मिली है। मामला खाद्य विभाग से जुड़ा है और इसकी जानकारी विभाग को दे दी गई है। खाद्य विभाग के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। बीमारी की वजह और पनीर की गुणवत्ता की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)