17 केंद्रों पर PET का इम्तिहान, प्रशासन का कड़ा पहरा:मोबाइल-स्मार्ट वॉच अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर प्रतिबंध; मजिस्ट्रेट ने संभाला मोर्चा
मैनपुरी में शुक्रवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को लेकर परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ने लगी। 17 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 14,352 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की कतारें लगीं तो अंदर प्रवेश से पहले सघन जांच की गई। प्रवेश पत्र का मिलान करने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष तक जाने दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। प्रशासन की सख्ती के बीच पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होगी। पीईटी को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की निगरानी की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। जांच के दौरान प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है। इससे परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और अभ्यर्थी समय से परीक्षा दे सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)