बेकाबू कार ने छात्र को कुचला:प्रयागराज में साथी छात्रा गंभीर, अस्पताल में भर्ती, स्कूटी से दोनों जा रहे थे
प्रयागराज में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ मौजूद छात्रा भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कार और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। कौशांबी का था रहने वाला मृतक की पहचान कौशांबी के चरवा कस्बा निवासी अनीश कुमार (20) पुत्र राजपाल के रूप में हुई है। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ाई करता था और एक हॉस्टल में रहता था। वाराणसी की रहने वाली भाव्या भी विश्वविद्यालय की छात्रा है। बताया गया कि गुरुवार रात अनीश अपनी दोस्त भाव्या के साथ स्कूटी से जा रहा था। मनमोहन पार्क चौराहे के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनीश को मृत घोषित कर दिया। आईडी कार्ड से पहचान हुई पुलिस को अनीश के पास से मिले परिचय पत्र और आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। देर रात कौशांबी से परिवार के लोग स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। कर्नलगंज थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी वीरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में कार की टक्कर से हादसा होने की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)