2027 के चुनाव में मायावती को समर्थन देने की अपील:भारतीय मुस्लिम मंच के संयोजक बोले- भाजपा को बसपा ही हरा सकती है, मुस्लिम समाज से बसपा के साथ आने का किया आह्वान
कौशांबी के मंझनपुर में रविवार शाम 5:30 बजे भारतीय मुस्लिम मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. मुमताज आलम रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कलश चौराहा स्थित हैप्पी स्टे होटल में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा को कोई हरा सकता है तो वह बसपा सुप्रीमो मायावती हैं। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए मुस्लिम समाज को इस बार मायावती का साथ देना चाहिए। मायावती सरकार के 100 से अधिक काम गिनाए डॉ. रिजवी ने कहा कि मायावती ने 2007 से 2012 के बीच 100 से अधिक काम किए थे, जबकि समाजवादी पार्टी की सरकार 2012 से 2017 के बीच अपने पांच काम भी नहीं गिना सकती। उन्होंने मायावती सरकार के दौरान हुए 100 कार्यों की हिंदी और उर्दू में तैयार सूची भी मीडिया के सामने पेश की। उन्होंने दावा किया कि मायावती सरकार ने 7 हजार उर्दू शिक्षकों की भर्ती कराई और उर्दू अनुवादकों के रिक्त पद भरे। उनके मुताबिक, उस सरकार में दंगाइयों और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई हुई और कानून-व्यवस्था बेहतर थी। सपा को वोट देने के बाद भी नहीं बदली सत्ता डॉ. रिजवी ने कहा कि मुस्लिम मतदाताओं ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को वोट दिया, लेकिन प्रदेश की सत्ता नहीं बदल सकी। उन्होंने मुस्लिम समाज से इस बार बसपा का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई के अलावा कुछ नहीं हुआ और कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने सरकार के कामकाज में घोटालों के आरोप भी लगाए। मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का अभियान डॉ. रिजवी ने कहा कि वह मायावती को 2027 में उत्तर प्रदेश का पांचवीं बार मुख्यमंत्री और 2029 में देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि लखनऊ, प्रयागराज, हापुड़, बुलंदशहर और अलीगढ़ में कार्यक्रम करने के बाद वह कौशांबी पहुंचे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)