बलिया में जज ने शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल सौंपा:30 विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी

Nov 01, 2026 - 20:34
0
बलिया में जज ने शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल सौंपा:30 विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी
बलिया के कलेक्ट्रेट स्थित गंगा बहुउद्देशीय सभागार में रविवार को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर लगा। जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल बांटी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया की ओर से आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष और जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने की। उन्होंने दोपहर करीब 12 बजे दीप जलाकर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम शुरू किया। शिविर का उद्देश्य कमजोर और वंचित वर्गों को मुफ्त कानूनी मदद देना और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देना था। साथ ही, पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की गई। शिविर में 30 विभागों ने स्टॉल लगाए। जनपद न्यायाधीश ने इन स्टॉलों का दौरा कर जानकारी ली। स्टॉलों पर लोगों को विभागीय योजनाओं के बारे में बताया गया और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया। अनिल कुमार झा ने लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, मुफ्त कानूनी मदद पाने की प्रक्रिया, पारिवारिक विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने और महिला व बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मुफ्त मदद लेने की अपील की। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला प्रोबेशन अधिकारी और श्रम प्रवर्तन अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसान कल्याण योजनाएं और दिव्यांगजनों के लिए चल रही योजनाएं शामिल थीं। अधिकारियों ने महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और श्रमिकों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को न्याय के प्रति जागरूक करना और सुलभ, मुफ्त व समय पर कानूनी मदद देना है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने किया। शिविर का समापन करीब 3:30 बजे हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User