24 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से मिले गायब, CHC प्रभारी हटाए गए:कुशीनगर CMO को वार्ड से औषधालय तक मिली गंदगी, 1 महीने में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम

Nov 21, 2026 - 07:09
0
24 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से मिले गायब, CHC प्रभारी हटाए गए:कुशीनगर CMO को वार्ड से औषधालय तक मिली गंदगी, 1 महीने में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम
कुशीनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नेबुआ नौरंगिया (कोटवा) में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और कर्मचारियों की लापरवाही पर सीएमओ ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे किए गए औचक निरीक्षण में सीएचसी प्रभारी समेत 24 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी खराब मिली। इसके बाद सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने गुरुवार देर शाम सीएचसी प्रभारी डॉ. रजनीश श्रीवास्तव को पद से हटा दिया। उनकी जगह टेकुआटार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. संदीप कुमार को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीएमओ ने नए प्रभारी को एक महीने के भीतर अस्पताल की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। साथ ही निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले सभी स्वास्थ्यकर्मियों को नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। वार्ड से औषधालय तक मिली गंदगी दरअसल, बुधवार सुबह सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश अचानक नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक स्थित सीएचसी पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान प्रभारी समेत कुल 24 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब मिले। अस्पताल के वार्ड से लेकर औषधालय कक्ष तक गंदगी मिली। इससे अस्पताल की साफ-सफाई और नियमित व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों ने भी सीएमओ से शिकायत की। मरीजों का कहना था कि सीएचसी प्रभारी अक्सर अस्पताल नहीं आते हैं। डॉक्टर भी निर्धारित समय पर ओपीडी में बैठकर उपचार नहीं करते। इससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नए प्रभारी को एक महीने में सुधार करना होगा सीएचसी में मिली अव्यवस्थाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। वहीं, डॉ. रजनीश श्रीवास्तव को प्रभारी पद से हटाकर डॉ. संदीप कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीएमओ ने नए प्रभारी को एक महीने का समय देते हुए अस्पताल की व्यवस्था सुधारने, स्वास्थ्य सेवाओं को नियमित करने और मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने बताया कि शासन की मंशा है कि सरकारी अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User