नगर पालिका कर्मचारी ड्यूटी पर बेहोश मिले, अस्पताल में मौत:जालौन में पत्नी ने जताई अनहोनी की आशंका, पार्क में ड्यूटी लगी थी
जालौन के कोंच नगर पालिका परिषद में संविदा पर कार्यरत एक कर्मचारी की मौत हो गई। वह मालवीय नगर स्थित रैन बसेरा के सामने बने वाहनों के पार्क में ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान वह बेहोशी की हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान मनोज वाल्मीकि के रूप में हुई है। वह कोंच कोतवाली क्षेत्र के जयप्रकाश नगर मोहल्ले में रहता था। वह पिछले करीब 15 साल से नगर पालिका में काम कर रहा था। पहले वह कचरा उठाने वाली गाड़ी चलाता था, लेकिन पिछले दो-तीन दिनों से उसे चौकीदारी की जिम्मेदारी दी गई थी। शनिवार को उसकी ड्यूटी शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक थी। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। भतीजे के फोन से पत्नी को मिली जानकारी मृतक की पत्नी नेहा ने बताया कि उनके पति को किसी तरह की बीमारी नहीं थी। वह रोज की तरह बाइक से ड्यूटी पर गए थे और घर से बिल्कुल ठीक निकले थे। कुछ देर बाद भतीजे बीरेश ने फोन कर बताया कि चाचा बेहोशी की हालत में हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं और पति को अस्पताल ले गईं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नेहा ने बताया कि इसके बाद जब वह दोबारा घटनास्थल पर पहुंचीं तो वहां ताला लगा मिला। उन्होंने पति की मौत को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जब मनोज घर से स्वस्थ हालत में निकले थे तो अचानक ऐसा क्या हुआ कि वह बेहोशी की हालत में मिले और उनकी मौत हो गई। पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए मनोज मनोज अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों निहाल, कुनाल, कायरव और बेटी नायरा को छोड़ गए हैं। परिवार में कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद और कोंच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)