700 करोड़ की सीवर लाइन के लिए सड़कें खोदीं:दो महीने बाद भी काम अधूरा, खुदी सड़कों और गड्ढों से शहरवासी परेशान
फतेहपुर शहर को जलभराव से राहत दिलाने के लिए शुरू की गई 700 करोड़ रुपए की सीवर लाइन परियोजना अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। जल निगम के इस प्रोजेक्ट को शुरू हुए दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ गए हैं। शहर के अस्ती रोड, वीआईपी रोड, पत्थरकटा चौराहा और अवंतीबाई रोड समेत कई प्रमुख रास्तों पर पाइप डालने के लिए सड़कें खोदकर अधूरी छोड़ दी गई हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उड़ती धूल-मिट्टी ने लोगों का रोजमर्रा का सफर मुश्किल कर दिया है। ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई, रोज हो रहे हादसे सड़कें खुदी होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बाइक सवारों को झेलनी पड़ रही है। गड्ढों में पानी और कीचड़ भरने से आए दिन दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं। वहीं, दिनभर उड़ने वाली धूल से दुकानदारों और राहगीरों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। काम की सुस्त रफ्तार के चलते बाजार का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोग बोले- विकास का काम अभिशाप बना प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही को लेकर शहरवासियों में भारी गुस्सा है। स्थानीय निवासी अजय कुमार का कहना है कि सीवर लाइन का काम शहर के विकास के लिए था, लेकिन सड़कों को खोदकर छोड़ देने से यह अब अभिशाप बन गया है। रंजीत सिंह ने बताया कि वीआईपी रोड और पत्थरकटा चौराहा जैसे व्यस्त इलाकों में महीनों से गड्ढे खुदे पड़े हैं, जिनमें पानी भरने से हादसे का डर बना रहता है। नागरिक भोलेनाथ के मुताबिक, कई बार शिकायत करने के बाद भी न तो गड्ढे भरे जा रहे हैं और न ही काम में तेजी आ रही है। DM से सड़कें सुधारने और काम तेज करने की मांग परेशान शहरवासियों ने अब DM से इस मामले में दखल देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सीवर लाइन के काम में तेजी लाई जाए और जिन सड़कों को खोदकर छोड़ा गया है, उनकी तुरंत मरम्मत कराकर चलने लायक बनाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)