लखनऊ में वाल्मीकि समाज का 20 नवंबर को महासम्मेलन:आरक्षण में उप-वर्गीकरण और 10 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की मांग उठेगी

Nov 12, 2026 - 15:08
0
लखनऊ में वाल्मीकि समाज का 20 नवंबर को महासम्मेलन:आरक्षण में उप-वर्गीकरण और 10 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की मांग उठेगी
वाल्मीकि समाज अपने मान-सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएगा। इसके लिए 20 नवंबर को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वाल्मीकि महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। वाल्मीकि महासम्मेलन आयोजन समिति के बैनर तले होने वाले इस आयोजन में देशभर से समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन के जरिए समाज की मांगों को शासन-प्रशासन और राजनीतिक दलों तक पहुंचाया जाएगा। हजरतगंज स्थित प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता के दौरान नरेश बाल्मीकि ने कहा कि वाल्मीकि समाज के पढ़े-लिखे और योग्य युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार अवसर नहीं मिल रहे हैं। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार आरक्षण में उप-वर्गीकरण लागू होना चाहिए। इसके लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष समेत सभी राजनीतिक दलों से तत्काल वर्गीकरण लागू कराने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि समाज के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। महासम्मेलन किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पूरे वाल्मीकि समाज को एक मंच पर लाने का प्रयास है। इसमें देशभर के प्रतिनिधि शामिल होकर समाज के अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगे। 10 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की मांग राम सिंह बाल्मीकि ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा की 80 आरक्षित सीटों में से कम से कम 10 सीटों पर वाल्मीकि समाज के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने का अवसर दिया जाए। समाज का मानना है कि राजनीतिक भागीदारी के बिना वास्तविक विकास संभव नहीं है। नीति निर्धारण में समाज की सीधी हिस्सेदारी जरूरी है। सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग सविता सिंह ने कहा कि सम्मेलन में हाथ से मैला ढोने की प्रथा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई जाएगी। विभिन्न विभागों में वर्षों से संविदा और आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई मशीनों से कराई जाए। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण अनिवार्य किए जाएं और इसके लिए सख्त कानून बनाया जाए, ताकि सफाई कर्मचारियों की जान जोखिम में न पड़े।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User