नोएडा पुलिस की देर रात 2 बदमाशों से मुठभेड़:एक के पैर में लगी गोली, दूसरे को दौड़ाकर पकड़ा
नोएडा के दादरी में शुक्रवार रात पुलिस और चोरी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में साजिद उर्फ टिचकले उर्फ सतमोला पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी रिजवान उर्फ काले पकड़ा गया। पुलिस आरवी नॉर्थलैंड के पास नई बस्ती मोड़ पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर श्मशान घाट की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो दोनों ने खुद को घिरता देख टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में साजिद के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, साजिद और रिजवान दादरी के मेवातियान मोहल्ले के रहने वाले हैं। उनके पास से तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक, चाकू, सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, पीली धातु की दो अंगूठियां और एक चेन बरामद हुई है। एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक महीने पहले नया गांव बसंतपुर के एक मकान और दो दिन पहले सूरजपुर विहार कॉलोनी के बंद मकान में चोरी करना कबूल किया है। सूरजपुर की चोरी में उनके दो अन्य साथी भी शामिल थे। आरोपियों ने बताया कि चोरी के गहने आपस में बांट लिए थे और उन्हें बेचने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ कई केस दर्ज हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)